टीवी इंडस्ट्री में लंबे काम के घंटे और पेमेंट में देरी को लेकर काफी समय से बहस होती रही है। कई टीवी कलाकार काम करने की परिस्थितियों पर खुलकर बात कर चुके हैं। अब दिग्गज अभिनेता सुधीर पांडे, जिन्होंने ‘अमानत’, ‘ससुराल गेंदा फूल’ समेत कई डेली शो में काम किया है, उन्होंने खुलासा किया है कि उनको आज भी 14 से 18 घंटे तक काम करना पड़ता है। 50 साल से ज्यादा समय तक फिल्मों और टीवी में काम करने के बाद उन्होंने कहा कि वह एक बेहतर इंडस्ट्री के हकदार हैं।
सुधीर पांडे का छलका दर्द
सिद्धार्थ कन्नन के साथ बात करते हुए अभिनेता सुधीर पांडे ने कहा, “अगर आप डेली सोप कर रहे हैं, तो उस दौरान आप कोई दूसरा काम नहीं कर सकते। अगर आप किसी सीरियल के लिए कमिटेड हैं, तो फिल्म नहीं कर सकते। आपको फिक्स डेट्स नहीं दी जातीं, महीने में किसी भी दिन अचानक बुलाया जा सकता है। प्राइवेट चैनलों और प्रोड्यूसर्स की वजह से टेलीविजन का माहौल लगातार खराब होता जा रहा है।”
सहायक कलाकारों की कोई नहीं सुनता: सुधीर
अभिनेता ने आगे कहा कि टीवी सीरियल के मुख्य कलाकारों के पास काफी ताकत होती है, लेकिन सहायक कलाकारों की कोई नहीं सुनता। सुधीर ने कहा, “आज के समय में बड़े टीवी कलाकार एक अलग ही वर्ग बन गए हैं। अगर कोई प्रमुख किरदार दर्शकों को आकर्षित कर रहा है, तो चैनल उसकी बात सुनता है। वह चैनल पर दबाव भी बना सकता है। दूसरी तरफ, जो अन्य कलाकार अच्छा और गुणवत्तापूर्ण काम कर रहे हैं, अगर वे अपनी फीस बढ़ाने की मांग करें तो उनकी बात नहीं सुनी जाती, बल्कि उन्हें शो से बाहर कर दिया जाता है।”
सुधीर पांडे ने पेमेंट में होने वाली देरी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “सबसे हैरानी की बात यह है कि कॉन्ट्रैक्ट प्रति दिन के हिसाब से साइन किया जाता है, लेकिन भुगतान 90 दिन बाद किया जाता है। कलाकारों का शोषण बंद होना चाहिए और स्थिति में सुधार होना चाहिए। इस मुद्दे पर कोई लड़ता नहीं और न ही खुलकर बात करता है। हमारे देश में श्रम कानून हैं, लेकिन मनोरंजन उद्योग में उनका सही तरीके से पालन नहीं होता। एक व्यक्ति 14 से 18 घंटे तक काम करता है, उसे ठीक से सोने का समय भी नहीं मिलता और फिर अगले दिन दोबारा रिपोर्ट करना पड़ता है। सहायक कलाकारों की यही स्थिति है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह किसी अवॉर्ड शो में जाते हैं, तो उन्होंने कहा, “मैं अवॉर्ड शोज में नहीं जाता। मैं क्यों जाऊं? उसका कोई मतलब नहीं है, वहां सिर्फ दिखावटी तालियां बजती हैं। यह सब एक मजाक बन गया है। मैं एक बेहतर इंडस्ट्री का हकदार हूं, जहां लोग ज्यादा जागरूक हों और सच में संवेदनशील हों। मैं मिडिल क्लास परिवार से हूं, लेकिन मैं कोई औसत अभिनेता नहीं हूं, मैं ए-क्लास अभिनेता हूं।”
इन फिल्मों और शो में किया सुधीर ने काम
जानकारी के लिए बता दें कि सुधीर पांडे ‘बुनियाद’, ‘अमानत’, ‘बालिका वधू’ और ‘ससुराल गेंदा फूल’ जैसे लोकप्रिय टीवी शो में काम किया है। इसके अलावा उन्होंने ‘शान’, ‘गुरु’ और ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ जैसी हिट बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है। आखिरी बार कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘जिन्नी वेड्स सनी 2’ में नजर आए थे। फिलहाल वह टीवी सीरीज ‘क्राइम बीट’ में मोहनलाल शर्मा का किरदार निभा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: क्या ‘अवारपन 2’ के साथ प्लेबैक सिंगिंग में कमबैक कर रहे हैं सिंगर अरिजीत सिंह, टीम ने बता दी सच्चाई
