टीवी सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ से मशहूर हुईं एक्ट्रेस संचिता उगले ने 14 जून को कथित तौर आत्महत्या कर ली। 22 साल की एक्ट्रेस महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा इलाके में अपने घर पर मृत पाई गईं। अब उनके फैंस, दोस्त और रिश्तेदार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। बता दें कि संचिता की मौत को सुशांत सिंह राजपूत से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने भी 14 जून, 2020 में कथित तौर पर आत्महत्या की थी। अब संचिता के मामले में उनके चचेरे भाई आकाश और दादाजी गोपीनाथ ने बात की है।
क्या बोले संचिता के दादाजी
मीडिया से बात करते हुए संचिता के दादाजी गोपीनाथ ने कहा कि वह बिना किसी सपोर्ट सिस्टम के अपने दम पर शो बिजनेस में आगे बढ़ीं। एनडीटीवी के अनुसार उन्होंने कहा, “वह बहुत टैलेंटेड लड़की थी। उसने अपनी काबिलियत और कड़ी मेहनत से तरक्की की थी। उसका कोई गॉडफादर नहीं था। उस समय वह मानसिक रूप से किस दौर से गुजर रही थी… असल समस्या क्या थी… क्योंकि किसी के साथ उसका कोई झगड़ा नहीं था।
किसी ने कभी उसके बारे में बुरा नहीं कहा। उसकी जिंदगी में किसी चीज की कमी नहीं थी। उसने अपनी मेहनत से सब कुछ हासिल किया था। वह बहुत काबिल लड़की थी। उसने पूरे तालुका और अहमदनगर जिले में अपना बड़ा नाम बनाया था।”
‘साजन घर’ से मिली संचिता को पहचान
गोपीनाथ ने बताया कि उन्हें टीवी शो ‘साजन घर’ में पूजा के किरदार से पहचान मिली। इसके बाद लोग उन्हें उनके असली नाम के बजाय उनके किरदार के नाम से जानने लगे। गोपीनाथ ने कहा, “जो लोग उनके टीवी सीरियल देखते थे, वे उन्हें पूजा के नाम से जानते थे। उस किरदार से उन्हें इतनी लोकप्रियता मिली कि पूरे अहमदनगर ज़िले में लोग उन्हें पूजा कहकर बुलाते थे।
जब भी मैं कहीं जाता और लोगों को बताता कि वह मेरी पोती है, तो तालुका और जिले में हमारे सभी रिश्तेदार और जानने वाले उसे सिर्फ पूजा के नाम से ही जानते थे। शायद ही कोई उसे संचिता के नाम से पहचानता हो। हर कोई उसे पूजा के नाम से जानता था, जो सीरियल में उसके किरदार का नाम था।”
संचिता के दादाजी ने लास्ट में कहा, “यह बहुत दुखद है। उसने ऐसा क्यों किया… भगवान ही जानते हैं कि उसके मन में क्या चल रहा था। यह हमारी समझ से बिल्कुल बाहर है।” साथ ही उन्होंने उन अटकलों को भी खारिज कर दिया कि काम न मिलने की वजह से उसने आत्महत्या की। उन्होंने कहा, “नहीं, उसके पास काम भी था।”
यह भी पढ़ें: ‘छोटी सोच वाले लोग…’, प्रकाश राज के समर्थन के बीच CJP पर बरसे पवन कल्याण, बोले- देश की अखंडता को…
