अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला पिछले काफी समय से चर्चा में बना हुआ है, जिसकी जांच तेजी से की जा रही है। यूपी सरकार ने एसआईटी को जांच का जिम्मा सौंपा जिसके बाद 8 आरोपियों को गिरफ्त में लिया गया। अभी तक इस मामले में नेता से लेकर अभिनेता तक रिएक्ट कर चुके हैं। मुकेश खन्ना, देवोलीना भट्टाचार्जी के बाद अब रामायण में लक्ष्मण का रोल निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने भी वीडियो शेयर कर इस पर अपना रिएक्शन दिया है। साथ ही गुनहगारों के लिए कड़ी सजा की मांग की है।

सुनील लहरी ने दिया रिएक्शन

मंगलवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए सुनील ने कहा, “राम राम, जय श्री राम या फिर जय सिया राम… इन शब्दों से रोज किसी ना किसी ने हमें संबोधित किया है और 400-500 साल की कड़ी मेहनत और हजारों लोगों के बलिदान के बाद अयोध्या में राम लला के मंदिर का निर्माण हुआ है। बड़ी धूमधाम से उसकी प्राण प्रतिष्ठा की गई। सारे देश ने उन भावनाओं को अनुभव किया और भाव विभोर हो गए। उस मंदिर में करोड़ों की चोरी… इतनी नीच हरकत है सोच भी नहीं सकते।”

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में देवोलीना भट्टाचार्जी ने राजनीतिक जवाबदेही पर उठाए सवाल, कहा- क्रेडिट बड़े गर्व से लिया

इसके आगे उन्होंने कहा, “रक्षक ही भक्षक बन गए। श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ में उनके विश्वास के साथ में कितना बड़ा विश्वासघात हुआ है। मैं कानून से और सरकार से ये विनती करूंगा कि जो भी उसके गुनहगार हैं उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले। ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिसे उनकी आने वाली सात पुश्ते भी याद रख सकें या फिर जिस तरह से गल्फ कंट्री में, सऊदी अरब में चोरी करने पर सजा मिलती है वो सजा देनी चाहिए। जो दूसरों के लिए सबक हो, ताकि आगे से कोई ऐसी हरकत ना करे।”

बता दें कि सुनील लहरी ने फैंस से इस मामले पर उनकी राय मांगी है। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “रामचन्द्र जी कह गये सिया से, ऐसा कलयुग आयेगा मेरे ही रक्षक, भक्षक बनकर श्रद्धालुओं के चढ़ावे को लूट भावनाओं को आघात पहुंचाएगा। अयोध्या मंदिर चोरी में गुनहगारों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी का मामला पिछले कुछ दिनों से चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मुद्दे को सबसे पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उठाया था। इसके बाद योगी सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। जांच के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई और अब तक इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अदालत ने सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर चंपत राय से पुलिस ने 3 घंटे तक की पूछताछ, दर्ज किया गया बयान