7 जून को राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी मामले पर सियासत गरमाती जा रही है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के आदेश के बाद एसआईटी गठित की गई। शुरुआती जांच के बाद जो रिपोर्ट सौंपी गई उसके आधार पर कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और उन्हें गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा गया। सिर्फ इतना ही नहीं, जांच एजेंसियों ने कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की और उन्हें नोटिस भेजा।

इस घटना के सामने आने के बाद राजनेताओं के साथ-साथ कई मशहूर हस्तियों ने भी इस पर रिएक्ट किया। पहले मुकेश खन्ना ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर अपना गुस्सा जाहिर किया और अब टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने इसे लेकर पोस्ट किया है। उन्होंने अपने पोस्ट में आरोप लगाते हुए लिखा कि जब चोरी, मिसमैनेजमेंट या गलत काम के आरोप लगते हैं, तो अकाउंटेबिलिटी कहाँ रहती है।

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर चंपत राय से पुलिस ने 3 घंटे तक की पूछताछ, दर्ज किया गया बयान

देवोलीना ने किया लंबा-चौड़ा पोस्ट

देवोलीना ने राम मंदिर के निर्माण का श्रेय लेने के राजनीतिक नेतृत्व पर सवाल उठाए, जबकि गड़बड़ी आने पर वो चुप रहे। उन्होंने लिखा, “पूरी पॉलिटिकल लीडरशिप ने राम मंदिर बनने का क्रेडिट बड़े गर्व से लिया। यह इलेक्शन कैंपेन का एक बड़ा हिस्सा बन गया, और बेशक इससे वोट भी मिले, लेकिन उसके बाद क्या होता है? जब चोरी, मिसमैनेजमेंट या गलत काम के आरोप लगते हैं, तो जवाबदेही कहां होती है? क्या क्रेडिट लेना सिर्फ तब लागू होता है जब चीजें सही हों, जबकि जिम्मेदारी तब गायब हो जाती है जब चीजें गलत हों?”

इसके आगे उन्होंने लिखा, “लाखों श्रद्धालुओं ने इस पवित्र स्थान में अपनी आस्था, भावनाएं और भरोसा जताया है। इस भरोसे की रक्षा पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ की जानी चाहिए। कभी-कभी ऐसा लगता है कि हर पक्ष एक ही तरह का रवैया अपनाता है। कामयाबी का जश्न तो मनाते हैं, लेकिन सवाल उठने पर जिम्मेदारी से बचते हैं।

इसीलिए मेरा हमेशा से यह मानना ​​रहा है कि खुद को देश के प्रति समर्पित करें, न कि किसी व्यक्ति के प्रति। जब हमारी निष्ठा किसी नेता या राजनीतिक दल के बजाय देश और उसके मूल्यों के प्रति होती है, तो जरूरत पड़ने पर हम सही का साथ दे सकते हैं। भले ही कोई ऐसा व्यक्ति गलत हो जिसे हम पसंद करते हैं, फिर भी गलत तो गलत ही होता है। कोई भी जवाबदेही से ऊपर नहीं होना चाहिए। लोकतंत्र यही मांग करता है।”

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आठ आरोपियों अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, राम शंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रामशंकर उर्फ टिन्नू यादव को गिरफ्तार किया गया है। रविवार को पुलिस टीमों ने सभी आठ आरोपियों के घरों पर एक साथ तलाशी ली थी।

यह भी पढ़ें: ‘बिल्कुल सही कहा सर…’, वी. अनंत नागेश्वरन की प्लम्बर-कारपेंटर वाली सलाह पर शेखर सुमन का तंज