अभिनेता राम कपूर इन दिनों रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ में नजर आ रहे हैं। शो में दर्शकों को उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिल रहा है। शो में राम सिर्फ मुद्दों पर खुलकर बात नहीं कर रहे, बल्कि कंटेस्टेंट्स को अपनी जिंदगी के अनुभवों से सीख भी दे रहे हैं। अब हालिया एपिसोड में उन्होंने आकांक्षा चमोला से बात करते हुए अपनी और गौतमी की लव स्टोरी के बारे में बताया। राम ने बताया कि वे और गौतमी कैसे करीब आए।

राम कपूर ने बताई अपनी लव स्टोरी

आकांक्षा चमोला से बातचीत के दौरान राम कपूर ने कहा, “गौतमी और मैं एक कपल के तौर पर बहुत मजबूत हैं। जब किसी को बॉयफ्रेंड या किसी पर क्रश होता है, तो वह अपना सबसे अच्छा रूप दिखाता है। लेकिन मैंने अपना सबसे खराब रूप दिखाया। मैंने उसे अपने सबसे बड़े राज बताए, फिर भी वह मुझे पसंद करने लगी। धीरे-धीरे मुझे एहसास हुआ कि वह अपनी शादी में खुश नहीं थी। उसकी शादी को ढाई साल हो चुके थे और उनमें से सात महीने वह अपने पति से अलग रह चुकी थी।”

यह भी पढ़ें: ‘बच्चों के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं’, जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक से मिलीं स्वरा भास्कर, अभिनेत्री ने किया आंदोलन का समर्थन

राम ने आगे कहा, “हम अच्छे दोस्त थे, इसलिए मैंने उसकी जिंदगी में दिलचस्पी लेनी शुरू की। ऐसा नहीं था कि मैं उससे कुछ चाहता था। जब मुझे लगता था कि उसका दिन खराब रहा है, तो मैं उससे पूछता था और वह मुझे सब बताती थी। तभी मुझे पता चला कि वह अपनी शादी खत्म करना चाहती थी, लेकिन उसका परिवार साथ नहीं दे रहा था। जब मुझे पता चला कि गौतमी ने यह फैसला कर लिया है, तो मैंने उससे कहा कि तुम्हें जो भी जरूरत हो, मैं तुम्हारे साथ हूं। उस पूरे दौर में मैं उसका सबसे करीबी दोस्त बन गया था।”

उसका पहला पति एक अच्छा आदमी था: राम

राम ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, “समय बीतता गया मैं दिल्ली में ‘मॉनसून वेडिंग’ की शूटिंग कर रहा था। एक रात हमने फोन पर किसी बात को लेकर काफी देर तक बात की। फोन रखने के बाद पहली बार मुझे एहसास हुआ कि मुझे उसकी याद आ रही है और मैं बहुत डर गया। वह बहुत अच्छी इंसान थी, इसलिए जब मैं वापस आया, तो मैं उससे थोड़ा दूर हो गया।

मैंने कुछ दूरी बनाए रखी। उसने यह महसूस किया और पूछा कि क्या हो रहा है। किसी तरह वह भी मेरे बारे में ऐसा ही महसूस कर रही थी, लेकिन उसे यह कहने में डर लग रहा था। गौतमी को इस बात का कोई पछतावा नहीं है कि उसके साथ यह सब हुआ। उसका पहला पति एक अच्छा आदमी था और उसने कुछ भी गलत नहीं किया था।”

‘घर एक मंदिर’ के सेट पर हुई थी पहली मुलाकात

राम कपूर और गौतमी की मुलाकात 2000 में ‘घर एक मंदिर’ के सेट पर हुई थी। शो के दौरान दोनों को प्यार हो गया और 2003 में उन्होंने शादी कर ली। शो में राम ने पहले बताया था कि गौतमी से शादी करने से पहले उनके कई अफेयर रहे थे। पिछले साल फराह खान के व्लॉग में राम ने यह भी बताया था कि शादी से पहले वे लगभग 2 साल तक गौतमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहे थे। बता दें कि राम कपूर और गौतमी कपूर की शादी को अब 23 साल हो चुके हैं। दोनों के दो बच्चे हैं एक बेटा और एक बेटी।

यह भी पढ़ें: Dhamaal 4 Box Office Collection Day 5: भारत में 100 करोड़ कमाने से कुछ कदम दूर ‘धमाल 4’, मंगलवार को किया 9.50 करोड़ का बिजनेस