मशहूर स्टैंड अप कॉमेडियन और बिग बॉस के पूर्व प्रतियोगी प्रणित मोरे इन दिनों एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। सोशल मीडिया पर भारी विरोध और आलोचना झेलने के बाद उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया। दरअसल, सोशल मीडिया पर उनके शो का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दर्शकों के बीच बैठे हिमांशु जांगरा नाम के एक शख्स ने महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की। हिमांशु ने बताया कि वह एक महिला के साथ डेट पर गया था, जहां उन्होंने 370 रुपये की चिकन बिरयानी खाई।

इसके बाद जब महिला ने उसे घर छोड़ने के लिए कहा, तो उसने खर्च किए गए पैसों की वसूली करने की बात कही। इस दौरान प्रणित ने उस लड़के की बातों पर आपत्ति नहीं जताई, बल्कि उसका मजाक उड़ाते और हंसते हुए नजर आए। इसके बाद जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, तो कई टीवी सेलेब्स ने इसकी निंदा की। अब इसमें मालती चाहर का नाम भी शामिल हो गया है।

यह भी पढ़ें: ‘ये बहुत डरावना है’, प्रणित मोरे के ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद पर आयशा खान का फूटा गुस्सा

क्या बोलीं मालती चाहर

बता दें कि प्रणित और मालती दोनों ‘बिग बॉस 19’ में एक साथ नजर आ चुके हैं। मालती ने बुधवार को एक्स हैंडल पर 370 रुपये की बिरयानी वाले कमेंट पर अपना गुस्सा जाहिर किया और साथ ही राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “370 रुपये की बिरयानी और पेद्दी… आपको एहसास दिलाती हैं कि कई औरतें शादी को लेकर क्यों हिचकिचाती हैं। हम अपनी आजादी को क्यों महत्व देते हैं और बिल बांटना क्यों चुनते हैं।”

इसके आगे उन्होंने लिखा, “कुछ औरतें तो पूरी तरह से पुरुषों को फाइनेंशियली सपोर्ट भी कर रही हैं। फिर भी हमें ऑब्जेक्टिफाई किया जाता है और एक औरत की सहमति साफ तौर पर एक प्लेट बिरयानी से ज्यादा कीमती नहीं है। बराबरी, इज्जत और सम्मान के लिए पीढ़ियों से लड़ने के बाद यह निराशाजनक है कि हम अभी भी उसी अंदरूनी सोच का सामना कर रहे हैं।”

मालती ने आगे कहा, “सभी मांओं और होने वाली मांओं के लिए- प्लीज अपने बेटों को महिलाओं की इज्जत करना और सहमति की अहमियत समझना सिखाएं। ऑडियंस के लिए– किसी चीज को सिर्फ एक मजाक या सिर्फ एक फिल्म कहकर नजरअंदाज करना आसान है, लेकिन मीडिया कल्चर को बनाता है और महिलाओं को अक्सर स्क्रीन पर जो नॉर्मल हो जाता है, उसके असल जिंदगी में नतीजे भुगतने पड़ते हैं। लोग मार्केट की जरूरतों को पूरा करके पैसा कमाते हैं, लेकिन कंज्यूमर के तौर पर हमारी भी जिम्मेदारी है। प्लीज ध्यान रखें कि आप किसे सपोर्ट और बढ़ावा देना चाहते हैं, धन्यवाद।”

यह भी पढ़ें: ‘370 रुपये की बिरयानी’ विवाद ने बढ़ाई मुश्किलें, प्रणित मोरे ने डिएक्टिवेट किया इंस्टाग्राम अकाउंट