भारतीय टेलीविजन के सबसे पसंदीदा कॉमेडी शोज में गिने जाने वाले ‘ऑफिस-ऑफिस’ की वापसी होने जा रही है। करीब 25 साल बाद यह आइकॉनिक शो एक नए सीज़न के साथ दर्शकों के बीच लौट रहा है। ‘ऑफिस-ऑफिस’ 2, 25 मई से शुरू होने जा रहा है, जिसने पुराने टीवी दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।

भ्रष्टाचार, सरकारी दफ्तरों की सुस्ती और आम आदमी की परेशानियों पर व्यंग्य करने वाला यह शो अपने समय में काफी लोकप्रिय रहा था। अब मेकर्स इसे नए अंदाज़ और नई कहानी के साथ वापस ला रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार अभिनेत्री श्रुति शर्मा भी शो का अहम चेहरा बनने जा रही हैं।

श्रुति शर्मा ने शो से जुड़ने को अपने लिए बेहद भावुक पल बताया। उन्होंने कहा कि बचपन में स्कूल से लौटकर वह अपनी मां के साथ बैठकर ‘ऑफिस-ऑफिस’ देखा करती थीं और शो के किरदारों व उनके डायलॉग्स आज भी उन्हें याद हैं। ऐसे में अब उसी शो का हिस्सा बनना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।

यह भी पढ़ें: ‘घर में जब कीड़े पनपते हैं तो’, कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर रैपर बोले- दवा का स्प्रे कर खत्म कर देना चाहिए

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जिस तरह पुराने ‘ऑफिस-ऑफिस’ के किरदार लोगों के बचपन की याद बन गए, उसी तरह नए सीजन के किरदार भी दर्शकों के दिलों में जगह बनाएंगे।

यह भी पढ़ें: Padma Awards 2026: धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म पुरस्कार से सम्मानित करेंगी द्रौपदी मुर्मू, जानें कब और कहां देखें लाइव

बता दें कि ‘ऑफिस-ऑफिस’ पहली बार साल 2001 में प्रसारित हुआ था। शो में पंकज कपूर ने ‘मुसद्दी लाल’ का किरदार निभाकर अलग पहचान बनाई थी। उनके साथ संजय मिश्रा, देवेन भोजानी, मनोज पहवा और कई कलाकारों ने अपनी कॉमिक टाइमिंग से शो को कल्ट दर्जा दिलाया था।