टीवी के ‘शक्तिमान’ यानी अभिनेता मुकेश खन्ना अक्सर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में बने रहते हैं। लगभग दो सालों से यह खबर आ रही है कि ‘शक्तिमान’ पर फिल्म बनने वाली है और उसमें रणवीर सिंह ‘शक्तिमान’ का किरदार निभाएंगे। हालांकि, जब यह बात दिग्गज अभिनेता को पता चली तो उन्होंने फिल्म के लिए रणवीर को साफ-साफ नकार दिया था। अब एक बार फिर उन्होंने बताया है कि आखिर ‘धुरंधर’ अभिनेता क्यों यह किरदार नहीं निभा सकते। चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा है।
जूम के साथ बात करते हुए मुकेश खन्ना अपनी बात पर कायम रहे। उन्होंने कहा, “देखिए, मैं इसके खिलाफ हूं। वह भले ही एक जबरदस्त अभिनेता हैं और उनमें जबरदस्त ऊर्जा है। वह ‘धुरंधर’, ‘गली बॉय’ और ‘खिलजी’ जैसे किरदार निभा सकते हैं। लेकिन शक्तिमान के लिए आपको सिर्फ एक अभिनेता की ही नहीं, बल्कि एक खास चेहरे की भी जरूरत होती है।
यह भी पढ़ें: ‘हो गईल…हो गईल…’ सदन में रवि किशन ने कही पत्नी के पैर छूने की बात तो जगदंबिका पाल ने भोजपुरी में ली चुटकी
जैसे, जब पृथ्वीराज चौहान खड़े हों, तो उन्हें पृथ्वीराज चौहान जैसा ही दिखना चाहिए। जो कि अक्षय कुमार फिल्म में नहीं दिखे थे। उन्होंने विग वगैरह लगा रखी थी। जब मैंने कोई ऐतिहासिक किरदार निभाया था, तो मुझे सिर्फ कपड़े बदलने में ही डेढ़ घंटा लग जाता था। मैं सात इंच का मुकुट पहनता था।”
करोड़ों का हो रहा नुकसान: मुकेश खन्ना
मुकेश ने आगे कहा कि उनके इस विरोध की उन्हें निजी तौर पर कीमत चुकानी पड़ सकती है, क्योंकि सोनी पिक्चर्स इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक है। अभिनेता ने कहा, “यह मेरा नुकसान है। मुझे करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है, क्योंकि सोनी मुझे करोड़ों रुपये देने को तैयार है। मैंने कहा कि रुको, मुझे ये कलाकार नहीं चाहिए। वे अड़े हुए हैं, और मैं भी अड़ा हुआ हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “उन्हें एक स्टार चाहिए, मुझे स्टार नहीं चाहिए। अगर मुझे इजाजत मिले, तो मैं पूरे देश में ऑडिशन करवाऊगां ताकि यह पता चल सके कि ‘शक्तिमान’ कौन बनेगा। इससे आपको पब्लिसिटी भी मिलेगी और एक ऐसा लड़का भी मिल जाएगा जो दिखने में अच्छा, सीधा-सादा और दयालु हो। मेरे हिसाब से, कोई भी ऐसा एक्टर जिसकी पहले से कोई इमेज बनी हुई हो, वह ‘शक्तिमान’ नहीं बन सकता।”
इससे पहले सिद्धार्थ कन्नन के साथ पहले बातचीत में मुकेश खन्ना ने बताया कि रणवीर सिंह एक बार उनसे मिलने आए थे ताकि उन्हें वह रोल मिल सके। अभिनेता ने बताया था, “यह सोनी द्वारा आयोजित एक तय मीटिंग थी, जहां रणवीर मुझे यह यकीन दिलाने आए थे कि वह शक्तिमान का रोल निभा सकते हैं। यह पहली बार नहीं था जब उन्होंने इस रोल में दिलचस्पी दिखाई थी।”
मुकेश ने आगे कहा कि इसके बजाय उन्होंने रणवीर को सुझाव दिया था कि वह शो के मशहूर विलेन तमराज किलविश का रोल निभाने के बारे में सोचें। हालांकि, उस मीटिंग का कोई नतीजा नहीं निकला।
