टीवी एक्ट्रेस मौनी रॉय बहुत जल्द फिल्म ‘गोल्ड’ से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। अक्षय कुमार फिल्म में लीड हीरो हैं और खबरों के मुताबिक मौनी फिल्म की लीडिंग लेडी होंगी। साल 2007 में छोटे पर्दे से अपनी शुरुआत करने वाली मौनी रॉय ने वाकई बहुत लंबा सफर तय किया है। मौनी आज जैसी नजर आती हैं वह हमेशा से ऐसी नहीं थीं। जैसे-जैसे उनके करियर को उड़ान मिली, वैसे-वैसे मौनी ने खुद को लुक्स और अदाकारी के मामले में और बेहतर बनाया। उनके पहले टीवी शो “क्योंकि सास भी कभी बहू थी” की और उनके शुरुआती दिनों के कुछ शोज की तस्वीरें हम आज आपको दिखाएंगे।
स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले टीवी शो “क्योंकि सास भी बहू थी” में मौनी कृष्णा तुलसी का किरदार निभाया करती थीं। इसके बाद साल 2008 में वह इसी चैनल पर आने वाले रिएलिटी टीवी शो “जरा नचके दिखा” में एक कंटेस्टेंट के तौर पर नजर आईं। इसके बाद मौनी ने स्टार प्लस पर ही ‘कस्तूरी’ नाम का एक शो और किया जिसके बाद वह बाकी चैनलों पर जम्प कर गईं। उन्होंने पति “पत्नी और वो” (इमैजिन टीवी), दो सहेलियां (जीटीवी), और श्श्श्श.. फिर कोई है (स्टार वन) जैसे शोज में काम किया लेकिन मौनी को बड़ी पहचान मिली 2011 से लाइफ ओके पर शुरू हुए शो “देवों के देव… महादेव” से।
इस शो ने मौनी की किस्मत का सितारा चमका दिया। शो में उन्होंने सती का किरदार निभाया था जो कि दर्शकों को काफी पसंद आया। इसके बाद उन्होंने डांस रिएलिटी शो “झलक दिखला जा” के सातवें सीजन में हिस्सा लिया जिसने उनकी याद को दर्शकों को दिलों में जिंदा कर दिया। फिर साल 2015 में मौनी को कलर्स टीवी पर काम करने का मौका मिला और उन्हें ऑफर मिला टीवी शो नागिन में काम करने का। लोगों को इस शो में मौनी इतनी पसंद आईं कि दूसरे सीजन के लिए भी मेकर्स ने मौनी को ही कास्ट किया। मौनी अब तक पॉपुलर हो चुकी थीं और बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान जैसे दिग्गज सितारों से उनके संबंध अच्छे होने लगे थे।