बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ से बाहर हो गई हैं। शनिवार को उन्होंने तबीयत खराब होने की वजह से नेटफ्लिक्स का शो छोड़ दिया। सूत्रों के अनुसार, सुनीता का ब्लड शुगर लेवल काफी बढ़ गया था और इसलिए एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शनिवार को गोविंदा और टीना आहूजा शो के सेट पर आए, जहां उन्होंने होस्ट फराह खान और रितेश देशमुख से मुलाकात की और सुनीता को घर ले गए।
शो से बाहर होने के बाद क्या बोलीं सुनीता
‘लॉक अप: सच या सजा’ से बाहर होने के बाद सुनीता ने ‘स्क्रीन’ से बात करते हुए कहा कि इस अनुभव के बाद उन्हें रियलिटी शब्द से नफरत होने लगी है। सुनीता ने एकता कपूर की फिल्म में अपने बेटे यश के साथ बड़े पर्दे पर डेब्यू करने के बारे में भी बात की। गोविंदा की पत्नी ने कहा, “मैं यह देखना चाहती थी कि रियलिटी शो कैसे होते हैं। इसलिए मैंने इसमें हिस्सा लिया। लेकिन मुझे लगता है कि यह मेरे लिए नहीं बने हैं।”
यह भी पढ़ें: कौन हैं शरण शर्मा, जिनके साथ शादी के बंधन में बंधी अभिनेत्री आकांक्षा रंजन कपूर
सुनीता ने आगे कहा, “मेरी तबीयत ठीक नहीं है और मेरा डायबिटीज भी कंट्रोल में नहीं है। मेनोपॉज की वजह से मुझे घबराहट भी हो रही है। मुझे सीने में दर्द और सांस लेने में दिक्कत हो रही है, इसलिए मैं लगातार शो से बाहर जाने की बात कर रही थी। अब मैं घर जाना चाहती हूं।”
‘लॉक अप’ में अपने सफर को लेकर क्या बोलीं सुनीता
इसी इंटरव्यू में सुनीता आहूजा ने बताया कि अब उनकी तबीयत पहले से बेहतर है। उन्होंने ‘लॉक अप’ में अपने सफर के बारे में भी बात की। सुनीता ने कहा, “बाहर आने के बाद अब मैं बेहतर महसूस कर रही हूं। शो में मेरा सफर बहुत अच्छा रहा। मैंने कई दोस्त बनाए। सभी यंग बच्चे मेरे दोस्त बन गए और राम कपूर मेरे सबसे अच्छे दोस्त बन गए। अगर मेरी सेहत खराब न हुई होती, तो मैं शो में बनी रहती।”
इस बारे में बात करते हुए कि क्या उन्हें लगा कि सबने उनके साथ ‘सेफ’ खेला, सुनीता ने कहा, “मेरी सीनियरिटी को देखते हुए, अगर वे मेरे साथ बदतमीज़ी करते तो यह अच्छा नहीं लगता। मेरे पास उन्हें बुरा-भला कहने की कोई वजह नहीं थी। शिल्पा शिंदे ने पहले ही दिन सबसे उलझकर गलती की और अपनी सारी इज्जत खो दी।
अपनी गरिमा बनाए रखना आपके अपने हाथ में है। शिल्पा ने मुझे भी उकसाने की कोशिश की, लेकिन आखिर में उन्हें ही बुरा-भला सुनना पड़ा। अगर वह मेरे परिवार या मेरे पति के बारे में बात करेंगी, तो उन्हें यही सुनने को मिलेगा।”
गोविंदा को लेकर कही ये बात
जब सुनीता आहूजा ‘लॉक अप: सच या सजा’ से बाहर निकलीं, तो गोविंदा उन्हें लेने आए थे। इतने दिनों बाद उन्हें देखकर कैसा लगा, इस बारे में सुनीता ने ‘स्क्रीन’ को बताया, “मेरा दिल गार्डन-गार्डन हो गया।” एपिसोड के दौरान सुनीता ने यह भी कहा, “उन्हें देखकर मैं बहुत खुश हूं। गोविंदा ने मुझे यह शो न करने के लिए कहा था। जब भी मैं उनकी बात नहीं मानती, तो मुसीबत में पड़ जाती हूं।”
सुनीता ने आगे कहा, “शो में मेरा मन साफ हो गया है और मैंने जो सीखा है वह यह है कि जो कुछ भी है, वह परिवार के अंदर ही है। जो हो गया सो हो गया, इसे परिवार तक ही सीमित रखना चाहिए।” फिर गोविंदा ने कहा, “मेरा मानना है कि भगवान ने हम पर एक मुश्किल दौर डाला था। हम उससे बाहर निकल आए और मैं प्रार्थना करता हूं कि भविष्य में ऐसा न हो। मैं उनके साथ हूं और भगवान ने चाहा तो हमेशा रहूंगा।
मुझसे जुड़े हर व्यक्ति से मैं प्यार करता हूं। बेशक, वह मुझसे प्यार करती हैं। वरना वह 40 साल तक मेरे साथ कैसे रहतीं? देखिए, हम फिल्म इंडस्ट्री में हैं, कभी-कभी हम जो काम करते हैं, उसमें एक अदृश्य ‘लॉक अप’ होता है और मैं वहीं से आ रहा हूं, इसलिए आपको वे बेड़ियां दिखाई नहीं देतीं।”
वाइल्ड कार्ड बनकर लौटेंगी सुनीता?
जब सुनीता से पूछा गया कि क्या वह ‘लॉक अप 2’ में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर वापस जाएंगी, तो उन्होंने साफ कहा, “मैं दोबारा वाइल्ड कार्ड बनकर शो में नहीं जाऊंगी। मेरी तबीयत ठीक नहीं है और डॉक्टर ने भी इसकी सलाह नहीं दी है।” सुनीता की तबीयत उस समय ज्यादा बिगड़ने लगी थी, जब शो में खाने को लेकर समस्या हुई।
साप्ताहिक बजट खत्म होने के बाद कंटेस्टेंट्स को 12 घंटे से ज्यादा समय तक भूखा रहना पड़ा। इस बारे में सुनीता ने कहा, “खाने की समस्या जानबूझकर शिल्पा शिंदे की वजह से हुई थी। इसी कारण मुझे और राम को भूख हड़ताल करनी पड़ी। सर्वाइवल किट में सिर्फ उबली हुई गाजर, मटर और अधपका आलू मिलता था। डायबिटीज के मरीज के लिए यह खाना कैसे सही हो सकता है? इसलिए मैंने खाना नहीं खाया।”
सुनीता ने की एकता कपूर की तारीफ
हालांकि, उन्होंने नेटफ्लिक्स की टीम और एकता कपूर की तारीफ करते हुए कहा, “सेट पर सुरक्षा और देखभाल बहुत अच्छी थी। मैं नेटफ्लिक्स और एकता कपूर का धन्यवाद करती हूं। मेरी तबीयत खराब होने के बाद डॉक्टर दिन में तीन बार मेरा शुगर लेवल चेक करने आते थे। लोगों को लगता है कि मैंने मेकर्स को बुरा-भला कहा था, लेकिन ऐसा नहीं है। मैं इतनी बीमार थी कि ठीक से सोच भी नहीं पा रही थी। बाद में मेरी डायबिटीज को ध्यान में रखते हुए मुझे अलग से सही खाना भी दिया गया।”
भविष्य में किसी और रियलिटी शो में हिस्सा लेने के सवाल पर सुनीता ने कहा, “अब मुझे ‘रियलिटी शो’ शब्द से ही नफरत होने लगी है। लेकिन अगर नेटफ्लिक्स या किसी और प्लेटफॉर्म पर कोई अच्छा प्रोजेक्ट या जजिंग शो मिला, तो मैं जरूर करना चाहूंगी। मेरी सेहत की वजह से रियलिटी शो करना अब मुश्किल है।”
यह भी पढ़ें: Jana Nayagan Advance Booking: विजय की ‘जन नायकन’ का यूके में जबरदस्त क्रेज, 60 मिनट में हजारों टिकट हुए सेल
