रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस शो के कई क्लिप्स सोशल मीडिया पर भी वायरल होते हैं। अब ‘लॉक अप 2’ अपने चौथे हफ्ते में पहुंच गया है और सोमवार को कंटेस्टेंट धीरज धूपर को रितेश देशमुख से कड़ी चेतावनी मिली। दरअसल, जेल के अंदर धीरज के परिवार की तरफ से भेजी गई कुछ चिट्स मिलीं, जिनमें गेम में आगे बढ़ने और जीतने की रणनीति लिखी हुई थी।
परिवार ने की नियम तोड़ने की कोशिश
लेटेस्ट एपिसोड में धीरज धूपर को जेलर रूम में बुलाया गया, जहां रितेश देशमुख ने उन्हें बताया कि उनके परिवार ने दो बार उन्हें गेम में अनुचित फायदा पहुंचाने की कोशिश की है। होस्ट ने कहा, “जैसा कि आप जानते हैं, इस शो में बिना अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति से मिलना मना है। इंसानियत के आधार पर हमने आपको आपके बेटे से मिलने की अनुमति दी थी। उस दौरान जेल के अंदर चिट्स पहुंचाने की कोशिश की गई थी। हालांकि, आपको इसकी जानकारी नहीं थी, लेकिन हमने उन सबूतों को जब्त कर लिया था।”
रितेश ने आगे कहा, “मैं समझता हूं कि इसमें आपकी गलती नहीं है और इसके लिए आपके परिवार को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। उस समय हमने इस मामले को नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन बाद में आपके परिवार ने सामान के बीच छिपाकर फिर से वही चिट्स भेजने की कोशिश की।
उन पर्चियों में लिखा था कि आपको यह गेम कैसे जीतना है और बाकी कंटेस्टेंट्स को कैसे मात देनी है। हमारी सिक्योरिटी टीम और मैंने एक बार फिर उन्हें पकड़ लिया। लॉक अप के अंदर आने वाली हर चीज की जांच की जाती है ताकि किसी को भी अनुचित फायदा न मिले। चूंकि ऐसा दो बार हो चुका है, इसलिए मैं आपको आखिरी बार चेतावनी दे रहा हूं।”
धीरज ने परिवार से की अपील
इसके बाद धीरज ने माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि आगे ऐसा नहीं होगा। उन्होंने अपने परिवार के लिए भी एक संदेश दिया। धीरज ने कहा, “जो भी यह कर रहा है, कृपया दोबारा ऐसा मत कीजिए। मैं अपना गेम खुद खेल रहा हूं और मुझे किसी बाहरी मदद की जरूरत नहीं है। इस तरह का समर्थन मुझे नहीं चाहिए। कृपया ऐसा दोबारा न करें।”
फिर रितेश देशमुख ने कहा, “मैं आपको यह चेतावनी निजी तौर पर दे रहा हूं। अगली बार हमें सख्त कार्रवाई करनी पड़ेगी।” जवाब में धीरज ने कहा, “मैं इस चीज का समर्थन नहीं करता।”
यह भी पढ़ें: ‘आखिरी सांस तक हिफाजत करूंगा’, शहनाज गिल संग रिश्ते को लेकर राघव जुयाल ने दिया जवाब
