फराह खान और रितेश देशमुख होस्टेड शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ इन दिनों काफी चर्चा में बना हुआ है। सोशल मीडिया पर इसके छोटे-छोटे क्लिप्स खूब वायरल होते हैं। अब इस शो से जुड़ा एक और अपडेट सामने आया है। दरअसल, हाल ही में अभिनेता गौरव खन्ना की पत्नी आकांक्षा चमोला ने एक बार फिर लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है।
अभिनेत्री ने शो में कहा कि लोगों ने उन्हें गलत समझा, क्योंकि वह गौरव की बीवी हैं और उनके व्यवहार को एक तय नजरिए से देखा। चलिए आपको विस्तार से बताते हैं कि आखिर उन्होंने क्या कहा है।
जजमेंट डे पर क्या बोलीं आकांक्षा चमोला
‘लॉक अप 2’ में हालिया एपिसोड में तीसरे हफ्ते का जजमेंट डे हुआ। इसमें आकांक्षा चमोला, सूफी, योगेश, हर्षद और शिवांगी ‘एट रिस्क’ थे। इस दौरान जनता की आवाज बनकर अभिनेता अर्जुन कपूर शो में पहुंचे, जहां उन्होंने कंटेस्टेंट्स पर अपनी राय रखी।
वहीं, शो के होस्ट फराह खान और रितेश के पास पांचों ‘एट रिस्क’ कंटेस्टेंट्स में से किसी एक को सेफ करने का राइट था। दोनों ने आकांक्षा को सेफ करने का फैसला लिया। उनका कहना था कि आकांक्षा ने पूरे आत्मविश्वास और गरिमा के साथ अपनी बात रखी।
सेफ होने के बाद आकांक्षा चमोला ने पहले सभी का धन्यवाद दिया। फिर अभिनेत्री ने कहा कि आप लोगों से ये भरोसा मिलना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। पिछले कुछ महीनों से पूरे देश में मुझे गलत समझा। सिर्फ इसलिए क्योंकि मैं किसी की पत्नी हूं और लोग मेरे व्यवहार को एक तय नजरिए से देखते हैं।
अब मैं लोगों की कुछ गलतफहमियां दूर कर पा रही हूं और उन्हें यह समझा पा रही हूं कि एक महिला को लेकर बनी सोच हमेशा सही नहीं होती, तो मुझे खुशी है। आपने मेरी बात को समझा, ये मेरे लिए बड़ी बात है। मैं दिल से आपकी आभारी हूं।
बता दें कि इस शो में आकांक्षा चमोला अपनी निजी जिंदगी को लेकर पहले ही कई राज खोल चुकी हैं। शो की शुरुआत में ही उन्होंने यह बता दिया था कि वह और गौरव जल्द तलाक लेने वाले हैं और दोनों लगभग एक साल से अलग रह रहे हैं। इसके बाद आकांक्षा का दूसरा सीक्रेट भी सामने आया कि वह बिसेक्सुअल हैं।
