सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 16’ के अलावा कलर्स टीवी के कॉमेडी कुकिंग शो ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 3′ का फिनाले भी रविवार को हुआ। इस कुकिंग शो का खिताब अली गोनी और जन्नत जुबैर ने 99 स्टार्स पाकर अपने नाम किया। जबकि तेजस्वी प्रकाश और अर्जुन बिजलानी, करण कुंद्रा और एल्विश यादव ’75 स्टार्स’ के साथ रनर-अप रहे।
बता दें कि हर चैलेंज के बाद सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वालों को स्टार्स मिलते थे, जो स्कोरबोर्ड पर उनके पॉइंट्स में जुड़ जाते थे। वहीं, ट्रॉफी के अलावा अली और जन्नत को स्पॉन्सर्स की तरफ से स्मार्टफोन और दूसरे तोहफे भी मिले। ये शो खत्म होने पर कास्ट के सभी लोग बहुत एमोशनल हो गए।
यह भी पढ़ें: ‘लोग अपनी शादियों में खुश नहीं’, जैस्मीन का अली के साथ शादी की खबरों पर दो टूक जवाब
जीत के बाद क्या बोले अली गोनी
शो का खिताब जीतने के बाद अली ने कहा, “जब से दर्शकों को फिनाले के बारे में पता चला, हम तब से ऑनलाइन लोगों के रिएक्शन देख रहे हैं। वे सोच रहे थे कि आगे क्या होगा। हम सभी कंटेस्टेंट्स ने बहुत सारे शो किए हैं। कोई 15 साल से इस इंडस्ट्री में है, तो कोई 25 साल से।
ऐसा शो कभी नहीं होता जहां आप सभी को इतना पसंद करते हैं। हमेशा किसी न किसी से अनबन या जलन होती ही है, लेकिन इस शो में कोई भी किसी से जलता नहीं है। सेमी-फिनाले एपिसोड के दौरान मैं अपनी वैनिटी वैन में बहुत रोया था। यह सबसे अच्छा शो है।”
जन्नत ने किया पोस्ट
अली के अलावा जन्नत ने फिनाले से पहले इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया था और लिखा, “एक ऐसा शो जिसने मुझे ऐसी यादें दीं जो मैं लंबे समय तक अपने साथ रखूंगी। ऐसे लोग जिनकी मुझे याद आएगी और ऐसे रिश्ते जिनके लिए मैं हमेशा शुक्रगुजार रहूंगी। आज मैं जो महसूस कर रही हूं, उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती। बस इतना जान लीजिए कि यह मेरे लिए कोई आम शो नहीं था। आज रात ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 3’ का ग्रैंड फिनाले है। आपने हमें जो प्यार दिया है, उसके लिए धन्यवाद। मैं अपने लोगों के साथ सेट पर वापस आने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।”
बता दें कि ‘लाफ्टर शेफ्स’ को 2024 में कुछ समय के लिए एक ‘फिलर शो’ के तौर पर शुरू किया गया था, लेकिन इसने इतना अच्छा प्रदर्शन किया कि मेकर्स को इसके अगले सीजन भी लाने पड़े। जहां पहला सीजन अचानक खत्म हो गया था, वहीं दूसरे सीजन में करण कुंद्रा और एल्विश यादव विजेता बने।
शो का तीसरा सीजन पिछले साल नवंबर में कुछ नए चेहरों और कुछ पुराने कंटेस्टेंट्स के साथ शुरू हुआ, जिनमें विवियन डीसेना, ईशा सिंह, ईशा मालविया, गुरमीत चौधरी, तेजस्वी प्रकाश और देबिना बनर्जी शामिल थे। लेकिन कम TRP की वजह से बीच में ही इस सीजन में बदलाव किए गए। फिर ज्यादातर नए कास्ट मेंबर्स शो से हट गए और पुरानी टीम वापस आ गई।
