स्टैंडअप कॉमेडियन और ‘बिग बॉस 19’ फेम प्रणित मोरे का क्राउड-वर्क वीडियो सोशल मीडिया पर इस समय काफी बवाल मचा रहा है, जिसे बहुत से लोग 370 रुपये की बिरयानी विवाद के नाम से भी जान रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने प्रणित की क्लास लगा दी। कई जाने-माने टीवी सेलेब्स ने भी उनकी निंदा की, जिसके बाद कॉमेडियन ने सोशल मीडिया पर पहले एक पोस्ट शेयर करते हुए और फिर वीडियो शेयर करते हुए माफी मांगी। अब इस मामले में कॉमेडियन कुणाल कामरा भी कूद पड़े हैं।
कुणाल ने कसा प्रणित पर तंज
कुणाल ने प्रणित मोरे के माफी वाले वीडियो पर तंज कसते हुए एक पोस्ट किया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि कॉमेडियन्स को अब क्राउड वर्क, स्टोरीटेलिंग, हार्ड वर्क, बैंक बैलेंस और अपने माता-पिता के पीछे छुपना बंद कर देना चाहिए। सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने एक अन्य पोस्ट में प्रणित पर चुटकी लेते हुए कहा कि उनकी इस हरकत की वजह से तो कॉमेडियन हर्ष गुर्जराल भी बराक ओबामा जैसे समझदार लगने लगे।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि यह पूरा मामला प्रणित मोरे के एक लाइव शो की क्लिप से जुड़ा हुआ है। वहां हिमांशु जांगड़ा नाम के एक शख्स ने बताया कि वे एक लड़की को डेट पर ले गए थे और उन्होंने उस लड़की को करीब 370 रुपये की बिरयानी खिलाई। ये बात तब आपत्तिजनक मोड़ पर आ गई, जब हिमांशु ने बातों-बातों में इशारा कि खाने का बिल भरने के बदले में वे लड़की से संबंध बनाने की उम्मीद रख रहे थे।
जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोगों ने सिर्फ हिमांशु को ही नहीं, बल्कि प्रणित को भी खूब खरी-खोटी सुनाई। क्योंकि वह हिमांशु को रोकने की बजाय उसकी बातों पर हंस रहे थे और शो के लास्ट में उन्होंने उसे नकद इनाम भी दिया था।
विवाद बढ़ता देख प्रणित ने मांगी माफी
प्रणित ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, “मैं लंबे समय से इस मुद्दे पर बात करना चाहता था, लेकिन नहीं कर सका क्योंकि मेरा इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया था। आपने वह क्राउड-वर्क वीडियो जरूर देखा होगा जिसके लिए मुझे बहुत नफरत मिल रही है और सही भी है। मैं इस आलोचना का हकदार हूं, क्योंकि उस क्राउड इंटरेक्शन के दौरान, मैंने कई अपमानजनक बातें कहीं। लोग हंसे और मैं बहक गया। यह मेरी समझ की कमी थी।”
उन्होंने आगे कहा, “यह एक बड़ी गलती थी। मैं इसे होने से रोक सकता था या स्टैंड ले सकता था, लेकिन इसके बजाय मैंने इसे एक ऐसा मंच दिया जहां इसे सराहा गया। मेरे व्यवहार से जिन लोगों को भी दुख पहुंचा है, उनसे मैं माफी मांगता हूं। मैं सभी कानूनी प्रक्रियाओं में पूरा सहयोग करूंगा। मैं बस यही गुजारिश करना चाहता हूं कि आप मुझे खुद पर और अपने कंटेंट पर काम करने का एक और मौका दें।”
