रोहित शेट्टी का स्टंट बेस्ड शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ हर एपिसोड के साथ दिलचस्प होता जा रहा है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरहान अवत्रामणि ‘ओरी’ ने हाल ही में अपनी परफॉर्मेंस से सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह स्टंट करते हुए दिखाई दिए। इस पोस्ट को शेयर करते हुए ओरी ने एक लंबा-चौड़ा कैप्शन भी लिखा। साथ ही इस एडवेंचर शो में हिस्सा लेने के पीछे का असली मकसद बताया।
घर पर बिना बताए आए थे ओरी
ओरी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “प्रिय रोहित जी, मैं इस शो में बिल्कुल अकेले, अपने दम पर आया था। मैंने अपने माता-पिता को भी नहीं बताया था कि मैं यह करने जा रहा हूं। न रोज कोई चेक-इन, न स्टंट के बारे में घबराकर फोन करना और न ही घरवालों को कोई अपडेट देना। बस मैं था, पूरी तरह अकेले और हर स्टंट को चुपचाप और अच्छे से करता रहा।”
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने आगे लिखा, “मैं देखना चाहता था कि जब कोई देखने वाला न हो, कोई सलाह देने वाला न हो और मेरे पास किसी का सहारा न हो, तब मैं खुद को किस रूप में देखता हूं। उस समय मुझे लगा था कि 5 एपिसोड तक टिक जाना ही काफी है। फिर 7 हुए, फिर 10 और अब… पूरे सीजन का आधा हिस्सा मैं पार कर चुका हूं।
मुझे पता है कि मुझे देखकर हर कोई हैरान है, लेकिन सबसे ज्यादा हैरान खुद मैं हूं। यह सब चुपचाप और सिर्फ अपने भरोसे करना मेरे लिए खुद को यह साबित करना था कि मैं वैसी कमजोर और नाजुक बार्बी डॉल नहीं हूं, जैसा लोग मुझे समझते हैं। भले ही मैं लगभग हर स्टंट हार गया, लेकिन मैंने हर बार शालीनता से हार स्वीकार की और हर स्टंट को खूबसूरती से किया। जीत कभी नहीं मिली, लेकिन हार भी कभी महसूस नहीं हुई। इसी बात पर मुझे खुद पर बहुत-बहुत गर्व है।”
बता दें कि ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की शूटिंग केप टाउन में हुई थी। यह शो एक साल के ब्रेक के बाद वापस आया है। इसमें रुहानिका, गौरव खन्ना, हर्ष गुजराल, रुबीना दिलैक, करण वाही, ऋत्विक धनजानी, जैस्मिन भसीन, अविनाश मिश्रा समेत कई कंटेस्टेंट्स नजर आए।
यह भी पढ़ें: पिता संग रिश्ते की कहानी और हंसी के ठहाके, नेटफ्लिक्स पर नया शो ‘पापा यार’ लेकर आ रहे जाकिर खान
