टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 17 सीजन हिट होने के बाद अब मेकर्स जल्द इसका 18वां सीजन लेकर आ रहे हैं। हमेशा की तरह इस बार भी इसे सदी के महानायक अमिताभ बच्चन होस्ट करते हुए नजर आएंगे। ‘केबीसी 18’ के तीन प्रोमो सामने आ गए हैं, जिसमें अभिनेता शो एक नई थीम ‘सोचना पड़ेगा’ के बारे में बताते नजर आ रहे हैं। ऐसे में यह साफ है कि देशभर से प्रतियोगी हॉट सीट पर बैठकर अपने ज्ञान और समझ का प्रदर्शन करेंगे और बड़ी धनराशि जीतने की कोशिश करेंगे।
नए सीजन से पहले मेकर्स ने बच्चन के तीन प्रोमो जारी किए हैं, जिनमें होस्ट रोजमर्रा के माहौल में नजर आ रहे हैं। यह कैंपेन इस बात पर जोर देता है कि जानकारी अब हमारी उंगलियों पर है और टेक्नोलॉजी ने लोगों के सीखने का तरीका बदल दिया है, लेकिन जो बात सच में मायने रखती है, वह है क्रिटिकली सोचने, जानकारी को एनालाइज करने और तेजी से बदलती दुनिया के हिसाब से खुद को ढालने की काबिलियत।
यह भी पढ़ें: ‘मैं शादी के लिए तैयार हूं’, अर्जुन कपूर की बात सुन शर्म से लाल हुईं पामेला सेरेना, लॉक अप 2 में दिखी खास केमिस्ट्री
जवाब याद रखने से काम नहीं चलेगा
पहले प्रोमो में अमिताभ बच्चन एक कैफे के अंदर बैठे दिख रहे हैं, जहां वे बैठकर कहते हैं, “भूगोल, इतिहास, खेल और विज्ञान… इन सबका ज्ञान इस बार ‘केबीसी’ में काफी नहीं होगा। क्योंकि, अब खेल जो है वो बदल गया है। सिर्फ जवाब याद रखने से काम नहीं चलने वाला… सोचना पड़ेगा।”
दूसरे प्रोमो में अमिताभ एयरपोर्ट पर नजर आते हैं। वह कहते हैं, “आजकल जवाब हर जगह मिल जाते हैं, यहां तक कि आपकी जेब में भी। यानी आपके फोन में, इसलिए इस बार ‘केबीसी’ में हमने कुछ बदलाव किए हैं। सिर्फ जवाब याद रखना काफी नहीं होगा, उस जवाब तक पहुंचने के लिए आपको सोचना पड़ेगा।”
तीसरे प्रोमो में अमिताभ बच्चन बालकनी में खड़े दिखाई देते हैं। इस दौरान वह कहते हैं, “आज एआई ने दुनिया को बदल दिया है और यह बदलाव रुकने वाला नहीं है। जो कल तक नामुमकिन लगता था, वह आज कुछ ही पल में मुमकिन हो जाता है। इस बदलती दुनिया में हमें भी बदलना होगा। इसलिए ‘केबीसी’ में भी हमने कुछ बदलाव किए हैं। अब जवाब देने से पहले आपको सोचना पड़ेगा।”
कब शुरू होगा क्विज शो
‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ का 10 अगस्त, 2026 से शुरू होगा। यह शो सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी चैनल पर और ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर देखा जा सकता है।
