अभिनेत्री करिश्मा तन्ना और उनके पति वरुण बंगेरा माता-पिता बन गए हैं। दोनों ने 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने पहले बच्चे बेटे का स्वागत किया है। इस बात की जानकारी इस कपल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए दी है। पोस्ट देखने के बाद कई सितारों ने उस पर बधाई भी दी है।

करिश्मा तन्ना ने दिया बेटे को जन्म

करिश्मा ने पोस्ट करते हुए लिखा, “गुरु पूर्णिमा के पवित्र दिन पर जन्म हुआ। हमारा सबसे बड़ा आशीर्वाद यहां है। 29 जुलाई, 2026… हमारी दुनिया में आपका स्वागत है, नन्हे से बच्चे। करिश्मा और वरुण।”

यह भी पढ़ें: विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने वर्सोवा में खरीदा 18.29 करोड़ का लग्जरी अपार्टमेंट, मुंबई में बढ़ाया रियल एस्टेट पोर्टफोलियो

सितारों ने दी कपल को बधाई

करिश्मा के मां बनने की खबर सुनते ही उनके दोस्त और फैंस काफी खुश हो गए हैं। अब वह सब सोशल मीडिया पोस्ट पर कमेंट करते हुए उन्हें बधाई दे रहे हैं। खुशी कपूर ने रेड हार्ट इमोजी शेयर करते हुए लिखा कि बहुत बधाई। इसके अलावा सोनू सूद, सोनल चौहान, वामिका गब्बी, जैस्मिन भसीन, सिंगर स्टेबिन बेन, अनीता हसनंदानी, आमिर अली, अनुष्का रंजन, मोनालिसा और स्मृति ईरानी समेत कई सेलेब्स और उनके फैंस ने कमेंट किया।

फिटनेस का पूरा ध्यान रखती थीं करिश्मा

प्रेग्नेंसी के दौरान भी अभिनेत्री करिश्मा तन्ना अपनी फिटनेस का पूरा ध्यान रखती थीं और कई बार जिम के बाहर नजर आती थीं। इसी महीने उन्होंने जिम से अपना एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, “9 महीने! कुछ दिन भारी होते हैं। कुछ दिन दर्दभरे होते हैं और कुछ दिन…, आप वैसे भी खुशी चुनते हैं। मैं यहां हूं।

दर्द, सूजे हुए पैरों, सांस फूलने और इस खूबसूरत सफर में आने वाली हर छोटी चुनौती के बीच नाच रही हूं। इसलिए नहीं कि यह आसान है, बल्कि इसलिए कि यह छोटा बच्चा इस बात का हकदार है कि उसकी मां खुश हो। ऐसे पल सहेज रही हूं, जिन्हें मैं हमेशा मुस्कुराहट के साथ याद करूंगी।”

2022 में की थी करिश्मा और वरुण ने शादी

बता दें कि करिश्मा तन्ना ने साल 2022 में मुंबई के बिजनेसमैन वरुण बंगेरा से शादी की थी। वरुण VB क्रॉप नाम की कंपनी के डायरेक्टर हैं और उन्होंने अपनी पढ़ाई कनाडा की ओटावा यूनिवर्सिटी से की है। कपल की पहली मुलाकात दोनो के कॉमन फ्रेंड की जरिए हुई थी और इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को लगभग डेढ़ साल तक डेट करने के बाद शादी कर ली।

यह भी पढ़ें: 40 की उम्र के बाद क्यों चमका इन बॉलीवुड सितारों का सितारा? बदले किरदार, बढ़ा स्टारडम और OTT ने खोले सफलता के नए दरवाजे