कई हफ्तों से अभिनेत्री जेनिफर विंगेट की निजी जिंदगी चर्चा में बनी हुई है। खबरें हैं कि जेनिफर सिंगापुर के बिजनेसमैन विलियम इश्माइल को डेट कर रही हैं। हाल ही में ऐसी भी चर्चा थी कि दोनों यूके में एक निजी समारोह में शादी करने वाले हैं। हालांकि, जेनिफर और विलियम ने अभी तक इन खबरों की पुष्टि नहीं की है।

वायरल हो रहा है जेनिफर का वीडियो

इसी बीच जेनिफर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह ब्राइडल गाउन ट्राई करते हुए नजर आ रही हैं। वीडियो में जेनिफर अपने कस्टम-डिजाइन किए गए गाउन के लिए अलग-अलग डिजाइन और कपड़े चुनती दिखाई देती हैं। वह डिजाइनर टीम के साथ गाउन की डिटेल्स पर चर्चा करती हैं और कई फिटिंग सेशन में हिस्सा लेती हैं।

यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक के समर्थन में आए ऋतिक रोशन और शत्रुघ्न सिन्हा, NEET पेपर लीक पर उठाई आवाज

जेनिफर का सफेद स्ट्रैपलेस गाउन बेहद खूबसूरत था। इसमें स्वीटहार्ट नेकलाइन, महीन कढ़ाई और हाथ से की गई बीडवर्क सजावट थी। वीडियो में डिजाइनर को गाउन में अंतिम सजावट जोड़ते हुए भी देखा गया। तैयार गाउन देखकर जेनिफर काफी खुश और उत्साहित नजर आईं।

हालांकि यह वीडियो पहले फैशन ब्रांड Karleo Fashion के सोशल मीडिया पेज पर शेयर किया गया था, लेकिन बाद में हटा दिया गया। इसके बाद फैन पेजों ने इसे दोबारा पोस्ट करना शुरू कर दिया, जिससे शादी की अफवाहों को और हवा मिल गई।

शादी की खबरों के बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि जेनिफर और विलियम यूके में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी करने वाले हैं। लेकिन अब तक दोनों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

जून 2026 में एक करीबी सूत्र ने बताया था कि जेनिफर और विलियम अपने रिश्ते में बहुत खुश हैं। सूत्र के मुताबिक, विलियम ने छुट्टियों के दौरान जेनिफर को प्रपोज किया था और उन्होंने हां कह दिया था। इसके बाद दोनों शादी की तैयारियों में जुट गए थे।

कौन हैं विलियम इस्माइल?

विलियम इस्माइल सिंगापुर के एक बिजनेसमैन हैं, जिन्हें फाइनेंस, ट्रेडिंग और बिजनेस डेवलपमेंट का लंबा अनुभव है। वह 2022 से MHC डिजिटल ग्रुप में डायरेक्टर ऑफ बिजनेस डेवलपमेंट एंड ट्रेडिंग के पद पर काम कर रहे हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ यॉर्क से इकोनॉमिक्स और फाइनेंस की पढ़ाई की है। इससे पहले वह लगभग 10 साल तक UBS इन्वेस्टमेंट बैंक में काम कर चुके हैं।

करण सिंह ग्रोवर से हुई थी पहली शादी

जेनिफर की पहली शादी अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से हुई थी। दोनों की मुलाकात टीवी शो ‘दिल मिल गए’ के सेट पर हुई थी और फिर उन्होंने कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 2012 में शादी की थी। हालांकि, 2014 में दोनों का तलाक हो गया। बाद में करण ने 2016 में अभिनेत्री बिपाशा बसु से शादी कर ली।

यह भी पढ़ें: खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मेंबर बताने वालों ने दी आमिर खान को धमकी, लगाया लव जिहाद का आरोप