टीवी अभिनेत्री जैस्मिन भसीन हाल ही में अपने बॉयफ्रेंड अली गोनी के साथ जन्मदिन मनाने दुबई गई थीं। लेकिन उनकी यह ट्रिप अचानक तब खराब हो गई, जब उन्हें गंभीर संक्रमण हो गया और अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अली गोनी ने रविवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।
इसके कुछ घंटों बाद जैस्मिन ने अपने फैंस को बताया कि उन्हें टर्मिनल इलाइटिस (आंतों की बीमारी) का पता चला है। अब अपनी नई पोस्ट में अभिनेत्री ने बताया है कि वह भारत आ रही हैं और आगे के इलाज के लिए यहां अस्पताल में भर्ती होंगी।
यह भी पढ़ें: ’15 साल दुखी रहने से बेहतर 5 साल खुश रहना’, लिव-इन रिलेशनशिप पर जीनत अमान की राय
जैस्मिन भसीन ने दिया हेल्थ अपडेट
इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किए गए एक वीडियो में जैस्मिन भसीन ने बताया कि दुबई के डॉक्टरों ने उन्हें वहीं अस्पताल में भर्ती रहने की सलाह दी थी, लेकिन वह अपना इलाज भारत में कराना चाहती थीं। उन्होंने कहा, “आप में से कई लोग मेरी सेहत को लेकर चिंतित हैं और अपडेट जानना चाहते हैं। बात ये है कि मुझे मेडिकल क्लीयरेंस नहीं मिला और अस्पताल के मुताबिक मैं फ्लाइट में सफर करने लायक नहीं थी, क्योंकि मैं अभी भी खतरे से बाहर नहीं हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “अस्पताल, वहां के डॉक्टर, स्टाफ और स्वास्थ्य सुविधाएं बेहद शानदार थीं। मैं उन सभी की बहुत आभारी हूं। लेकिन घर आखिर घर ही होता है। डॉक्टरों ने इंजेक्शन देकर मेरी हालत फिलहाल स्थिर कर दी है और मैं इस समय एयरपोर्ट पर हूं। अब मैं भारत जाकर दूसरे अस्पताल में भर्ती होऊंगी और अपना इलाज आगे जारी रखूंगी।”
इससे पहले जैस्मिन ने एक वीडियो में कहा था, “जैसा कि अली ने आप सभी को बताया, मेरा जन्मदिन वैसा नहीं रहा जैसा मैंने सोचा था। दुबई पहुंचने के अगले ही दिन मैं गंभीर रूप से बीमार पड़ गई और मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। जांच में पता चला कि मुझे टर्मिनल इलाइटिस के साथ-साथ गंभीर संक्रमण और सूजन की समस्या है। लेकिन उम्मीद है कि मैं जल्द ठीक होकर वापस लौटूंगी।”
अभिनेत्री ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ऑटोइम्यून बीमारियों को लेकर एक नोट भी शेयर किया था। उसमें लिखा था, “ऑटोइम्यून बीमारी, लगातार थकान और लंबे समय तक रहने वाला दर्द तब सामने आता है, जब शरीर कई सालों तक तनाव और मानसिक आघात से जूझने के बाद जवाब देने लगता है।”
अस्पताल में काटा था केक
जैस्मिन भसीन ने 28 जून को अपना जन्मदिन मनाया था और दुबई के अस्पताल में ही केक काटा था। उनके पार्टनर अली गोनी ने तस्वीरें शेयर करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने लिखा, “हैप्पी बर्थडे, जैस्मिन। हम यहां तुम्हारा जन्मदिन मनाने आए थे, लेकिन जिंदगी की कुछ और ही योजना थी। जन्मदिन की यादें बनाने के बजाय हम अस्पताल के कमरे में हैं। तुम्हें दर्द में देखना इस ट्रिप का सबसे मुश्किल हिस्सा रहा। मैं हर जश्न छोड़ सकता हूं, बस तुम्हें फिर से स्वस्थ और मुस्कुराते हुए देखना चाहता हूं।”
यह भी पढ़ें: ‘फिजिकल रिलेशन मर्जी से बनते हैं’, शादी में चीटिंग पर बोले राम कपूर तो आकांक्षा चमोला ने जताई आपत्ति
