एक्टर जावेद जाफरी चार दशकों से ज्यादा समय से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में काम कर रहे इस एक्टर ने हाल ही में ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ के जजिंग पैनल में करिश्मा कपूर, टेरेंस लुईस और गीता कपूर के साथ काम करना शुरू किया है। ‘स्क्रीन’ के साथ एक खास इंटरव्यू में अब जावेद ने उस समय को याद किया जब वह टीवी पर सबसे ज्यादा फीस पाने वाले होस्ट थे। उन्होंने ‘टाइपकास्टिंग’ का सामना करने और एक बड़े डायरेक्टर का ऑफर ठुकराने के बारे में भी बात की।

जावेद ने टीवी के दिनों को किया याद

‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ के प्रमोशन के दौरान जावेद जाफरी ने उस समय को याद किया जब वे ‘चैनल V’ पर होस्ट का काम करते थे। उन्होंने बताया, “मैं होस्टिंग करता था और उस समय मैं असल में ‘चैनल V’ के लिए टीवी पर सबसे ज्यादा फीस पाने वाला होस्ट था। मैंने मुख्य रूप से टीवी से ही कमाई की है।

यह भी पढ़ें: रील्स से आगे की दुनिया: 50 सेकेंड के माइक्रो ड्रामा ने कैसे बदल दिया मनोरंजन का तरीका

मैंने जो घर खरीदा, वह इसी कमाई से खरीदा था। फिल्मों में आपको पैसे कहां मिलते थे? अगर फिल्म नहीं चलती थी, तो वे कहते थे कि बाकी पैसे छोड़ दो। हमने वे दिन भी देखे हैं। अगर अच्छे अमीर प्रोड्यूसर 30-35 हजार रुपये दे रहे होते थे और 15 हजार रुपये बाकी होते थे, तो वे उसे छोड़ने के लिए कहते थे।”

जावेद ने आगे कहा, “जब मैं चैनल V में आया, तो लोगों ने मुझमें ह्यूमर देखा। यह कभी स्क्रिप्टेड नहीं था और इंडस्ट्री में लोगों को यह बहुत पसंद आया। बच्चन परिवार से लेकर महमूद साहब और धरम जी तक मुझे फोन करके तारीफ करते थे। यह बहुत अच्छा लगता था। फिर ‘बूगी-वूगी’ आया।”

टाइपकास्टिंग का सामना करने पर जावेद जाफरी

इंटरव्यू के दौरान जावेद जाफरी ने अपनी डांसिंग स्किल्स और ह्यूमर की वजह से स्टीरियोटाइप्स का सामना करने के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “शुरुआत में जब मैं आया था, तो मुझे एक ऐसे नए लड़के के तौर पर देखा जाता था जो एक नए तरह का डांस लेकर आया था।

उसके बाद मैंने जो भी रोल किया, फिल्म में मेरे बेडरूम में माइकल जैक्सन की फोटो जरूर होती थी। यह बहुत साफ तौर पर दिखता था। बाद में कॉमेडी में ‘सलाम नमस्ते’ और ‘धमाल’ ने लोगों का दिल जीता। भगवान की कृपा से पिछले दो सालों में मैंने कुछ डार्क रोल भी किए हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे दमदार रोल पसंद हैं। जरूरी नहीं कि वे पॉजिटिव हों या नेगेटिव, उनमें एक्टिंग की गुंजाइश होनी चाहिए। हर बार ऐसे रोल नहीं मिलते। ‘धमाल’ में मेरा रोल आसान नहीं था। लोगों को लगता है कि यह आसान था, लेकिन उसमें मेरा अपना कुछ भी नहीं था। मेरे चलने-फिरने का अंदाज, बात करने का तरीका, आवाज का लहजा, वाक्य बोलने का ढंग- सब कुछ अलग था। यह आसान दिखता था, लेकिन था नहीं।”

जब जावेद ने ठुकराया बड़े प्रोड्यूसर का ऑफर

जावेद ने एक घटना भी याद की जब उन्होंने एक बड़े प्रोड्यूसर का ऑफर ठुकरा दिया था। “अपने करियर की शुरुआत में एक बड़े डायरेक्टर ने मुझे एक गाने के लिए अप्रोच किया था और मैं ‘आइटम बॉय’ नहीं बनना चाहता था। वह एक बड़ी फिल्म थी। तो ऐसा लगा जैसे मैंने ‘ना’ कह दिया… लेकिन मैं बस डांसर नहीं बनना चाहता था। मैं एक एक्टर हूं। अगर आप शाहरुख खान या सलमान खान जैसे स्टारडम के पीक पर हैं, और किसी फिल्म में डांस करते हैं, तो कोई सवाल नहीं उठाएगा क्योंकि वे पहले से ही स्थापित हैं।

जब आपकी जगह अभी बनी नहीं है और अगर वह गाना हिट हो जाता है, तो आपको ऐसे 15 गानों के ऑफर मिलेंगे। मैं उस चीज में नहीं फंसना चाहता था, लेकिन इससे समस्या हो गई क्योंकि बड़े लोगों की ईगो को चोट पहुंची। फिर वे आपको एक एक्टर के तौर पर भी नहीं देखते, तो ऐसा ही हुआ।”

यह भी पढ़ें: आलोचनाओं के बीच बदला ‘पेद्दी’ का कंटेंट, हटाये गए जान्हवी कपूर के विवादित सीन