पिछले 10 महीने से टीवी पर चल रहा सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 16’ आखिरकार खत्म हो गया है। इस साल ओडिशा की रहने वाली 24 साल की ज्योतिर्मयी नायक ने शो का खिताब अपने नाम किया। वहीं, तनिष्क शुक्ला दूसरे स्थान पर रहे। इस बार शो की थीम ‘यादों की प्लेलिस्ट’ थी, जिसे दर्शकों से खूब प्यार मिला और इसी के चलते शो को दो बार तीन-तीन महीने के लिए बढ़ाया गया।
ज्योतिर्मयी को मिली 20 लाख की प्राइज मनी
बता दें ज्योतिर्मयी को जीत के बाद चमचमाती ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये की इनामी राशि भी मिली। वहीं, इस कंटेस्टेंट ने अपनी जीत का श्रेय उन कैंसर मरीजों को दिया, जिनकी उन्होंने म्यूजिक थेरेपी के जरिए मदद की थी। शो में अपने 10 महीने के सफर के बारे में बात करते हुए ‘इंडियन आइडल 16’ की विनर ने कहा, “यह सफर लगभग एक साल का रहा। मैं 14 सितंबर को मुंबई आई थी और यह जर्नी बहुत खास रही। खुशी की बात है कि यह आखिर में मैंने ट्रॉफी जीती।”
यह भी पढ़ें: ‘लोग अपनी शादियों में खुश नहीं’, जैस्मीन का अली के साथ शादी की खबरों पर दो टूक जवाब
ज्योतिर्मयी ने अपनी बात जारी रखते हुए आगे कहा, “मैंने कभी प्राइज मनी जीतने के बारे में नहीं सोचा था। मैंने बस अपना बेस्ट देने और अच्छे कमेंट्स पाने के बारे में सोचा था। चूंकि मैंने पैसे के बारे में नहीं सोचा था, इसलिए मुझे नहीं पता कि मैं इसका इस्तेमाल कहां करूंगी। तो अब मैं इस बारे में सोचूंगी।”
ज्योतिर्मयी ने बताया अपना सबसे मुश्किल पल
अपने सबसे अच्छे और सबसे मुश्किल पल को याद करते हुए विनर ने कहा, “सबसे अच्छा पल तब था जब मुझे कई आइकॉनिक गानों पर परफॉर्म करने का मौका मिला और लोगों ने उन्हें पसंद किया। सबसे मुश्किल समय तब था जब मैं एलिमिनेशन के दौरान बॉटम में पहुंच गई थी। लेकिन मुझे दर्शकों से खूब वोट मिले और मैंने मेहनत जारी रखी।”
बता दें कि ज्योतिर्मयी बचपन से ही संगीत से जुड़ी रही हैं। शो में आने से पहले वह भक्ति और क्षेत्रीय गीतों से काफी प्रेरित थीं। वह एक प्रशिक्षित गायिका हैं और पढ़ाई के साथ-साथ म्यूजिक थेरेपिस्ट के रूप में भी काम कर चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी आवाज के जरिए लोगों की मदद की। वह इंडियन आइडल जीतने वाली पहली ओड़िया लड़की भी बन गई हैं।
फिनाले में पहुंचे थे ये सितारे
वर्क फ्रंट की बात करें, तो ज्योतिर्मयी नायक अब बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगिंग करना चाहती हैं। वहीं, इंडियन आइडल 16 के ग्रैंड फिनाले में ज्योतिर्मयी और तनिष्क के अलावा अंशिका चोंकर, मनराज वीर सिंह, माइस्मी बोसु और सुहैल सूफी भी फाइनलिस्ट बनकर पहुंचे थे। वहीं, फिनाले में उषा उत्थुप, उदित नारायण, पापोन, कुमार सानू, शहनाज गिल और उर्मिला मातोंडकर जैसे सितारे खास मेहमान बनकर पहुंचे।
