जंगल के रास्ते छिपकर भारत पहुंची थीं हेलेन, ऐसे हुई थी सलमान खान के पिता से मुलाकात; परिवार ने पहले अपनाने से कर दिया था इंकार
उस जमाने में हर फिल्म डायरेक्टर और प्रोड्यूसर की पहली पसंद हेलेन ही होती थीं। हेलेन ने सिर्फ 19 साल की उम्र में अपने करियर में बुलंदियां छू ली थीं। हेलेन ने छोटी सी उम्र में ही..

हेलेन ने उस वक्त हिंदी सिनेमा में कदम रखा था जब फिल्मों में डांस का तड़का कम ही पड़ता था। धीरे-धीरे हिंदी फिल्मों में आइटम सॉन्ग और फिर कैब्रे डांस की शुरुआत हुई। जिसमें डांसर के तौर पर हेलेन का नाम सबसे ऊपर होता था। उस जमाने में हर फिल्म डायरेक्टर और प्रोड्यूसर की पहली पसंद हेलेन ही होती थीं। हेलेन ने सिर्फ 19 साल की उम्र में अपने करियर में बुलंदियां छू ली थीं और छोटी सी उम्र में ही अपनी नजाकत और एनर्जेटिक डांस से लोगों को अपना दीवाना बना लिया था।
आज भी हेलेन के गाने जब बजते हैं तो यूथ झूमने लगते हैं। हेलेन ने इस मुकाम को पाने के लिए बहुत स्ट्रगल किया। छोटी सी उम्र में अपने परिवार की देख रेख करना शुरू कर दिया था। हेलेन अपने घर का खर्च खुद चलाया करती थीं। उनका बचपन बहुत मुश्किल दौर से गुजरा था। उस वक्त हेलेन और उनका परिवार छिपते-छिपाते जंगलों के रास्ते भारत पहुंचे थे। हेलेन खुद बताती हैं कि उन्हें भारत पहुंचने में महीनों लग गए थे।
हेलेन बताती हैं- 0हम बर्मा के रेफ्यूजी थे। दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान हमें अपना घर छोड़ना पड़ा। बमबारी की वजह से हम वहां से भाग निकले। इसके बाद हम जंगल-जंगल के रास्ते भारत पहुंचे। हमें कई महीने निकल गए चलते चलते। उस वक्त मेरी मां, मेरा भाई और मैं। हम कलकत्ता पहुंचे। इसके बाद मैंने कलकत्ता में अपने भाई को खो दिया। मेरे भाई को स्मॉल पॉक्स हो गया था और वह खत्म हो गया। कपिल शर्मा के शो में हेलेन ने खुद इस बारे में बताया था।
हेलेन ने नर्स का काम भी किया: जब हेलेन कलकत्ता पहुंची तो घर खर्च चलाने के लिए उन्होंने नर्स का काम करना शुरू किया। इसके बाद उनकी मां की मुलाकात कुक्कू मोरे से हुई जो कि फिल्मों में बैकग्राउंड डांसर थे। ऐसे में हेलेन को उन्होंने बॉलीवुड में पहुंचने का रास्ता दिखाया। इसके बाद हेलेन ने एक के बाद एक की हिट गाने दिए। मेरा नाम चिनचिन चू गाना उस वक्त जबरदस्त हिट हुआ था।
तभी हेलेन की जिंदगी में 27 साल बड़ा एक शख्स आया जिससे उन्हें प्यार हो गया। हेलेन ने फिल्म डायरेक्टर पीएन अरोड़ा से प्यार करने के बाद साल 1957 में शादी कर ली। लेकिन 35 की उम्र में हेलेन ने पीएन अरोड़ा से रिश्ता तोड़ लिया। इसके बाद उनकी जिंदगी में सलमान खान के पिता और मशहूर राइटर सलीम खान (Salim Khan) की एंट्री हुई। हेलेन को देखते ही सलीम उनके फैन हो गए।
हेलेन की ‘एंट्री’ से खान परिवार था नाराज: सलीम उस वक्त पहले से ही शादीशुदा थे। इतना ही नहीं उनके बच्चे भी थे। लेकिन सलीम और हेलेन का प्यार इतना मजबूत हो गया कि उन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया। ऐसे में सलीम खान के परिवार में तनाव का माहौल बन गया। शुरुआत में परिवार ने हेलेन को नहीं अपनाया। लेकिन बाद में हेलेन के सरल स्वभाव ने सबका दिल जीत लिया।
हेलेन खान परिवार के काफी करीब आ गईं। इसके बाद हेलेन और सलीम ने एक बेटी गोद ली- अर्पिता खान। वहीं सलीम खान के बच्चों ने भी हेलेन को मां का दर्जा दिया। सलमान खान तो कई बार फिल्मों में हेलेन संग स्क्रीन शेयर करते भी दिखे।