टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में ‘अभिमन्यु’ का किरदार निभा चुके अभिनेता हर्षद चोपड़ा इन दिनों रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ में नजर आ रहे हैं। अब एक बार फिर उन्होंने जजमेंट डे एपिसोड के दौरान अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा सच सभी को बताया, जिसे सुनकर बाकी घरवाले भी इमोशनल हो गए। बता दें कि शनिवार को एलिमिनेशन में तीन कंटेस्टेंट्स थे।
इसमें हर्षद चोपड़ा, योगेश रावत और सूफी मोतीवाला का नाम था। इसके बाद हर्षद ने सबसे पहले बजर दबाया, जिससे उनकी सेफ्टी पक्की हो गई, लेकिन शो के फॉर्मेट के हिसाब से उन्हें अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल पलों में से एक के बारे में बताना पड़ा। इस दौरान हर्षद ने कहा कि एक बार उन्होंने अपनी जान लेने की कोशिश की थी।
जब हर्षद ने की अपनी जान लेने की कोशिश
घटना का जिक्र करते हुए हर्षद ने कहा, “पहले रिलेशनशिप था, कुछ हुआ था नाराज थी। फोन करके मुझे बताया गया कि यहां हूं, ये कर रही हूं, किसके साथ हूं। उस समय जो मैं फील कर रहा था, फील नहीं करना चाहता था और मुझे कुछ भी समझ नहीं आया तो मैंने अपना हाथ काट लिया था। उसके निशान अभी तक हैं।”
हर्षद ने आगे कहा, “लेकिन हां कुछ नहीं हुआ उसके बाद। मैं उठा पैनिक किया उसके बाद और पास ही एक अस्पताल था, जैसे-तैसे वहां पहुंचा। उसके बाद डॉक्टर ने बहुत… मतलब पुलिस का ये और वो, बहुत हाथ-पांव जोड़े बहुत मिन्नतें की और उसके बाद फिर अक्ल आई कि ये सब… मैंने खुद से वादा किया कि अब कभी खुद को नुकसान नहीं पहुंचाऊंगा।”
हर्षद ने बताया था कि यह घटना मुंबई आने के कुछ समय बाद हुई थी, जब वे लगभग 22 या 23 साल के थे। यह उनका पहला रिलेशनशिप था और घटना रिलेशनशिप के आठ-नौ महीने बाद हुई थी। हर्षद ने शेयर किया कि इस घटना के बारे में उन्होंने पहले कभी सार्वजनिक रूप से बात नहीं की थी और उनके पिता को भी इसके बारे में पता नहीं था, क्योंकि उस समय वह मुंबई में अकेले रह रहे थे।
