टीवी अभिनेत्री आकांक्षा चमोला ने हाल ही में शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ में अपने और अभिनेता गौरव खन्ना के तलाक को लेकर खुलकर बात की। शो के हर नए एपिसोड में वह अपने रिश्ते और अलग होने की वजहों पर नए खुलासे कर रही हैं। सोमवार के एपिसोड में आकांक्षा भावुक हो गईं और तलाक के बारे में बात करते हुए रो पड़ीं।

इस दौरान उन्होंने इशारों-इशारों में बताया कि उनके और गौरव के बीच बच्चों को लेकर मतभेद था। जहां गौरव बच्चे चाहते थे, वहीं आकांक्षा मां नहीं बनना चाहती थीं। एक्ट्रेस ने शो में श्रेया और सूफी से अपने और गौरव के अलग होने की वजह के बारे में बात करते हुए देखा गया। उन्होंने कहा, “जब हमारी शादी हुई थी, तब मेरे अंदर मां बनने की भावना नहीं थी। लेकिन मैं इस एहसास को समझने और अपनाने के लिए तैयार थी।”

यह भी पढ़ें: ‘शादीशुदा कपल वाली फीलिंग अब नहीं रही’, शादी के 9 साल बाद तलाक लेंगे गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला, एक्ट्रेस ने ‘लॉक अप 2’ में किया खुलासा

आकांक्षा ने आगे कहा, “यह कोई ऐसी बात नहीं थी जिसे मैंने पूरी तरह नकार दिया हो। धीरे-धीरे मुझे एहसास हुआ कि मैं मां बनने के लिए नहीं बनी हूं। उन्हें (गौरव) पहले इस बात से कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन मुझे लगता है कि समय के साथ यह सोच बदल गई। अब वह बच्चे चाहते हैं और मैं उन्हें यह कभी नहीं दे सकती। जब मुझे यह समझ आ गया था कि मैं मां बनने के लिए नहीं बनी हूं, तब मैंने उन्हें बहुत पहले ही बता दिया था कि मैं कभी मां नहीं बनूंगी।”

चाइल्ड फ्री रहना चाहती हैं आकांक्षा

आकांक्षा चमोला ने आगे कहा, “हमारी बातचीत हुई थी, जिसमें मैंने उनसे कहा कि आप मुझे छोड़ सकते हैं और यह सही भी होगा क्योंकि ज्यादातर लोग इसी वजह से शादी करते हैं। 99 प्रतिशत लोग इसलिए शादी करते हैं क्योंकि वे बच्चे चाहते हैं और अपना परिवार आगे बढ़ाना चाहते हैं।

फिर ‘बिग बॉस’ हुआ और मुझे एहसास हुआ कि वह बच्चा चाहते हैं और मैं ऐसा नहीं कर सकती। मैं उन्हें उस स्थिति में नहीं डालना चाहती थी।” जब उनसे पूछा गया कि क्या वह बच्चा गोद लेने के भी खिलाफ हैं, तो आकांक्षा ने कहा, “मैं एक वजह से बिना बच्चे के रहना चाहती हूं, मैं आजाद रहना चाहती हूं।”

गौरव भी कर चुके हैं इस बारे में बात

2025 दिसंबर में अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए गौरव ने ‘स्क्रीन’ को बताया, “मेरी और आकांक्षा की शादी को 9 साल हो चुके हैं, इसलिए अगर मुझे कुछ करना होता तो मैं पहले ही कर चुका होता। अगर चीजें बिगड़ने वाली होतीं, तो कब की बिगड़ चुकी होतीं। हमारे रिश्ते में ऐसी समझदारी और मैच्योरिटी है कि हम अपनी पसंद को लेकर बहुत खुलकर बात करते हैं। मुझे एक पति होने पर गर्व है।

अगर मेरी पत्नी बच्चे नहीं चाहती, तो एक इंसान के तौर पर मुझे बुरा तो लगता है, लेकिन एक पति के तौर पर अपनी पत्नी को खुद से ऊपर रखना मेरा हक और फर्ज है। अगर इस बात को देखकर 10 पति भी बदल जाएं और मेरी तरह सोचने लगें, तो दुनिया बेहतर जगह बन जाएगी।”

यह भी पढ़ें: ‘मैं अपनी आजादी…’, क्या दोबारा प्यार में पड़ेंगी आकांक्षा चमोला, गौरव खन्ना से तलाक की घोषणा के बाद एक्ट्रेस ने कही ये बात