टीवी अभिनेता शोएब इब्राहिम की छोटी बहन सबा खालिद कंटेंट क्रिएटर हैं, जो अक्सर अपने भाई-भाभी के साथ और पर्सनल व्लॉग बनाकर फैंस के साथ शेयर करती हैं। अब हाल ही में उन्होंने एक व्लॉग शेयर करते हुए बताया कि वह एलपीजी की चल रही कमी के कारण और एक अन्य समस्या की वजह से मुंबई के मीरा रोड पर स्थित अपना रेस्टोरेंट ‘खुशामदीद’ बंद कर रही हैं।
अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ की ननद सबा और उनके पति खालिद ने यूट्यूब पर बताया कि मौजूदा संकट की वजह से उन्हें यह मुश्किल फैसला लेना पड़ा। खालिद ने कहा, “यह बहुत दुख की बात है, लेकिन हमें अपना रेस्टोरेंट बंद करना पड़ रहा है। हमें सिलेंडर मिलने में बहुत दिक्कत हो रही है। बहुत कम सिलेंडर हम तक पहुंच पा रहे हैं। दूसरी बात यह कि जब हमने यह रेस्टोरेंट बनवाया था, तो हमने दीवार और लकड़ी के स्ट्रक्चर के बीच थोड़ी जगह छोड़ दी थी।”
यह भी पढ़ें: कॉमेडी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ 11 साल बाद टीवी को कहेगा अलविदा, अब इस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर होगा स्ट्रीम
फिर शोएब इब्राहिम की बहन सबा ने आगे बताया, “जब आप कुछ नया शुरू करते हैं, तो गलतियां होती ही हैं। हमें इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, हमारा इंटीरियर डिजाइनर भी नया था, लेकिन जगह को सुंदर दिखाने के लिए उसने लकड़ी की प्लाई पर मोल्डिंग की और उसके और दीवार के बीच थोड़ी जगह छोड़ दी। अब, उसी वजह से रेस्टोरेंट में चूहे आ रहे हैं। जब सनी (खालिद) ने यह देखा, तो उसने 15 दिनों के लिए रेस्टोरेंट बंद करने का फ़ैसला किया। यह एक बहुत बड़ा फैसला था जो हमें लेना पड़ा।”
LPG की कमी के बारे में बात करते हुए सबा ने कहा, “हमें सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। हर कोई इस समस्या का सामना कर रहा है। हमारे आस-पास के रेस्टोरेंट भी 2-3 दिनों से बंद हैं। हम जल्द ही कोई न कोई रास्ता निकाल लेंगे, लेकिन अभी के लिए हम इसे बंद कर रहे हैं। साथ ही, हो सकता है कि आपको ‘खुशामदीद’ का वह रूप देखने को न मिले जो आपने पहले देखा था।” लास्ट में उन्होंने कहा कि इसकी वजह से उन्हें काफी नुकसान भी होगा।
