टीवी एक्टर्स दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम इन दिनों पर्सनल लाइफ में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। जहां शोएब के पिता लगभग एक महीने से हॉस्पिटल में भर्ती हैं, वहीं दीपिका का लिवर कैंसर का इलाज चल रहा है। इन मुश्किल हालात के बीच कपल ने शनिवार को शोएब का जन्मदिन मनाया। इस मौके पर शोएब ने फैंस को अपने आने वाले म्यूजिक वीडियो का टीजर दिखाया। इसके अलावा दीपिका ने अपने पति के लिए जन्मदिन का एक प्यारा सा नोट लिखा।
इमोशनल हुईं दीपिका कक्कड़
दीपिका कक्कड़ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की, जो हॉस्पिटल में ली गई थी। उस फोटो में शोएब इब्राहिम उनके पास बैठे हैं। इसे शेयर करते हुए अभिनेत्री ने लिखा, “तुम्हारा साथ होना जिंदगी की सबसे बड़ी नेमत है। चाहे जो भी सिचुएशन हो, मुझे पता है मैं सब फेस कर लूंगी, क्योंकि आप साथ हो।
मेरी सबसे बड़ी ताकत, मेरा सबसे बड़ा सपोर्ट… मेरी जिंदगी… मेरा सुकून… हैप्पी बर्थडे शोएब। आपको देने के लिए कुछ भी नहीं… झोली खाली है हमारी… बस हर दुआ में आपका नाम है।” दीपिका के इंस्टाग्राम पोस्ट पर रिएक्शन देते हुए, शोएब ने कमेंट सेक्शन में हार्ट इमोजी पोस्ट किए।
शोएब ने दिखाई म्यूजिक वीडियो की झलक
शोएब इब्राहिम ने अपने आने वाले म्यूजिक वीडियो ‘तू साथ नहीं है’ की पहली झलक भी फैंस को दिखाई। पोस्टर शेयर करते हुए शोएब ने लिखा, “कुछ कहानियां कही नहीं जातीं… उन्हें महसूस किया जाता है। पेश है हमारे आने वाले गाने ‘तू साथ नहीं है’ का पहला लुक।”
शोएब ने पिता की सेहत के बारे में दी थी जानकारी
अपने हालिया यूट्यूब व्लॉग में, शोएब इब्राहिम ने अपने पिता की सेहत के बारे में जानकारी दी, जो मई में ब्रेन हैमरेज के बाद से अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत के बारे में बात करते हुए शोएब ने बताया, “देखने में पापा अब काफी बेहतर लग रहे हैं। छोटी-मोटी दिक्कतें धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं। उनकी फिजियोथेरेपी चल रही है और उन्हें अगले 4-5 दिनों में छुट्टी मिल सकती है।”
