टीवी और फिल्मों में काम कर चुकीं डेलनाज ईरानी ने साल 1998 में राजीव पॉल से शादी की और 2012 में दोनों का तलाक हो गया था। अब हाल ही में अभिनेत्री ने एक इंटरव्यू में अपनी निजी जिंदगी को लेकर बात की है। एक्ट्रेस ने राजीव के साथ अपने तलाक और DJ पर्सी के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात की।
मैशेबल इंडिया के साथ बात करते हुए डेलनाज ने कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। जब आप मानसिक और भावनात्मक रूप से किसी रिश्ते से दूर हो जाते हैं, तो ऐसा लगता है जैसे एक ही घर में दो अजनबी रह रहे हों। पहले लोग अपने तलाक की घोषणा अखबारों में करते थे। मेरे हिसाब से हमारा रिश्ता 2010 से पहले ही खत्म हो चुका था, दुनिया को बताने से पहले ही।”
डेलनाज ने आगे कहा, “किसी भी रिश्ते में कई बार लोग एक-दूसरे को हल्के में लेने लगते हैं और यही सबसे बुरी बात होती है। मेरे पार्टनर ने भी मुझे हल्के में लिया। शायद उन्हें अंदाजा नहीं था कि बात इतनी गंभीर हो जाएगी। तलाक तो मेरे डिक्शनरी में था ही नहीं। भावनात्मक उथल-पुथल मेरे लिए लंबे समय तक एक बड़ी चुनौती बनी रही।”
अभिनेत्री ने इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने अपनी परेशानियां परिवार के साथ न शेयर करने का फैसला किया। डेलनाज ने कहा, “मैं एक मिडिल क्लास, पारसी परिवार से आती हूं। मेरे माता-पिता और दादा-दादी कई सालों तक साथ रहे। मैंने कई सालों तक अपने माता-पिता को कुछ भी नहीं बताया। मेरे दोस्तों को इसके बारे में थोड़ा-बहुत पता था। मुझे पूरा यकीन है कि मेरे माता-पिता ने जरूर मेरा साथ दिया होता, लेकिन मैं इस बात पर पक्की थी कि मैं किसी पर बोझ नहीं बनूंगी।”
तलाक के बाद डेलनाज ने नहीं ली एलिमनी
डेलनाज ने बताया कि उन्होंने किसी भी तरह की एलिमनी की मांग नहीं की। उन्होंने कहा, “मुझे कुछ भी नहीं मिला। तलाक काफी उलझा हुआ था, क्योंकि एक इंसान इसे चाहता था और दूसरा नहीं। यह बहुत ज्यादा विवादित हो गया था और इसके आस-पास बहुत सारी मनगढ़ंत बातें फैल गई थीं। मैंने हर चीज से ऊपर शांति को चुना। यह कहना आसान है, लेकिन करना मुश्किल। फिर भी आपको बिखरी हुई चीजों को समेटकर जिंदगी में आगे बढ़ना ही पड़ता है।”
लाइफ में आगे बढ़ीं डेलनाज ईरानी
डेलनाज ईरानी तलाक के बाद अपनी लाइफ में आगे बढ़ गईं। साल 2013 में उनकी मुलाकात डीजे पर्सी से हुई। इसी इंटरव्यू में उन्होंने यह भी बताया कि आखिर क्यों उन्होंने अभी तक शादी नहीं की। अभिनेत्री ने कहा, “यह बहुत मुश्किल होता है, जब आप इतने सालों तक किसी के साथ रहे हों और अचानक ऐसा कुछ हो जाए। फिर से किसी से प्यार करना, किसी रिश्ते में आना, यह मुमकिन नहीं होता।
मैंने इस रिश्ते को कोई नाम नहीं दिया। मुझे लगता है कि उन्हें बॉयफ्रेंड कहना उनकी बेइज्जती होगी, क्योंकि वह मेरी लाइफ में आए और जो कुछ भी मैंने खो दिया था, वह सब मुझे वापस दिला दिया। लेकिन, लाइफ में अंधविश्वास भी एक बड़ी चीज होती है। मुझे बस यही लगता है कि अगर मैंने शादी के कागजों पर दस्तखत कर दिए, तो शायद यह रिश्ता वैसा नहीं रहेगा। अब मुझे शादी से डर लगता है।”
लास्ट में उन्होंने कहा, “हम ‘पावर कपल’ नाम के एक शो में गए थे। वहां होस्ट अरबाज खान बार-बार कहते थे कि पर्सी एक बहुत अच्छे इंसान हैं, तो फिर मैं शादी क्यों नहीं कर रही हूं? लेकिन, मुझे इस बात का डर है कि कहीं मैं इस इंसान को खो न दूं। वह भी तलाकशुदा हैं। असल में, दो ऐसे लोग जिन्हें पहले चोट लगी थी, वे एक साथ आए हैं और अपनी लाइफ को फिर से संवार रहे हैं।”
यह भी पढ़ें: भारत में इंटरनेट आने से पहले ही ऑनलाइन एक्टिव थे शम्मी कपूर, कंप्यूटर गुरु के नाम से हो गए थे मशहूर
