Bigg Boss 20: ‘बिग बॉस 20’ में बुधवार को कंटेंट क्रिएटर नकुल ढुल को कुशल तंवर उर्फ गुल्लू के साथ हाथापाई के बाद घर से बाहर कर दिया गया। इस घटना को लेकर काजी तौकीर और माही विज भी विवादों में आ गए हैं। शो के 7वें सीजन के कंटेस्टेंट काम्या पंजाबी और विनर गौहर खान ने नाराजगी जताई है।

दरअसल काजी ने स्काउट ओपी के साथ किए गए प्रैंक का जिक्र दोस्तों के सामने किया था, जिसकी बात सुनकर नकुल ने स्काउट को इसके बारे में बताया था। इसके बाद स्काउट और उनके दोस्तों ने काजी से सवाल किए। बातचीत के दौरान गुल्लू ने नकुल को मामला न बढ़ाने के लिए कहा, लेकिन नकुल उनसे भिड़ गए। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई और नकुल ने गुल्लू का गला पकड़ लिया। बीच-बचाव के वक्त माही भी नकुल को मारते हुए दिखीं। इस घटना के बाद नकुल को शो से बाहर कर दिया गया और अब उनके एविक्शन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है। गौहर खान और काम्या पंजाबी ने भी काजी के व्यवहार की आलोचना की।

काम्या पंजाबी ने किया ट्वीट

बिग बॉस की पूर्व कंटेस्टेंट काम्या पंजाबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि स्काउट के साथ किए गए प्रैंक का बाद में घमंड से जिक्र करना काजी की गलती थी।

यह भी पढ़ें: Bigg Boss 20 Updates: नकुल ढुल के एविक्शन पर खुश हुए गुल्लू-माही, काजी ने लिया क्रेडिट

काम्या ने लिखा, “सच कहूं तो काजी और स्काउट की जुगलबंदी देखने में काफी मजेदार थी! बेवजह के झगड़ों से बेहतर है कि लोग मस्ती-मजाक करें। लेकिन स्काउट और यंग इतने जल्दी दूसरों की बातों में क्यों आ जाते हैं? किसी की भी बात सुनकर सफाई देने के लिए बाहर भाग जाते हैं। इतनी अच्छी बॉन्डिंग क्यों खराब करनी? हालांकि, थूकना गलत है, लेकिन उस समय स्काउट इसे मजाक में ले रहा था और हंस भी रहा था। दोनों के बीच की केमिस्ट्री और मस्ती अच्छी थी। समस्या तब हुई, जब काजी ने बाद में घरवालों के सामने उस प्रैंक का घमंड से जिक्र किया और स्काउट का मजाक उड़ाया। मुझे दोनों की बॉन्डिंग पसंद है, लेकिन इस तरह अपनी हरकत का बखान करना नहीं।”

गौहर ने भी काजी की हरकत को बताया गलत

गौहर खान ने भी काजी तौकीर की हरकत की आलोचना की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में कहा, “कई बार हर हफ्ते तारीफ मिलने से इंसान के सिर पर इसका असर चढ़ जाता है। पहले हफ्ते में ही मैंने कहा था कि मुझे उम्मीद है कि काजी कोई गलत हरकत नहीं करेंगे। लेकिन उन्होंने ऐसा किया। मेरे हिसाब से स्काउट के कान में थूकना और फिर इस बात का घमंड से जिक्र करना बहुत गलत था। मैं चाहती हूं कि सलमान खान वीकेंड का वार में काजी को उनकी इस गलती के बारे में समझाएं।
कहीं न कहीं उनका मजाक हद से ज्यादा बढ़ गया है। अब यह बार-बार होने पर बोरिंग और थोड़ा परेशान करने वाला लगने लगेगा। स्काउट के साथ काजी ने जो किया, वह बिल्कुल भी सही नहीं था।”

दोबारा हो सकती है नकुल ढुल की एंट्री

गौरतलब है कि नकुल ढुल की घर में वापसी को लेकर चर्चा हो रही है। खबरों के मुताबिक, स्काउटओपी उन्हें दोबारा बिग बॉस 20 के घर में लाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, स्काउटओपी को घरवालों के लिए ज्यादा राशन हासिल करने और अपने दोस्त नकुल को वापस लाने के बीच किसी एक विकल्प को चुनने का मौका मिल सकता है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।