अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह हाल ही में राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा स्टारर फिल्म ‘टोस्टर’ में नजर आईं। यह मूवी 15 अप्रैल को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई है। अब अर्चना ने एक इंटरव्यू दिया है, जिसमें उन्होंने बताया कि ‘द कपिल शर्मा शो’ के प्रति अपनी लंबे समय से चली आ रही कमिटमेंट की वजह से उन्हें पिछले कुछ सालों में कई फिल्मों के ऑफर ठुकराने पड़े।
न्यूज18 को दिए इंटरव्यू में अर्चना पूरन सिंह ने बताया, “मैं इतने सालों से फिल्मों में काम नहीं कर पाई। एक बार मुझे एक फिल्म के लिए कॉल आया था, जिसमें 25 दिन के शूट के लिए स्कॉटलैंड जाना था। लेकिन मेरे लिए ‘द कपिल शर्मा शो’ छोड़कर कहीं और शूट करना संभव नहीं था। पहले जब यह शो टीवी पर आता था, तो हम साल में लगभग 100 एपिसोड शूट करते थे। इस वजह से मेरे पास किसी और काम के लिए समय ही नहीं बचता था। ऐसे में मैंने कई फिल्मों के ऑफर ठुकरा दिए और फिर एक समय के बाद धीरे-धीरे लोगों ने मुझे फिल्मों के लिए अप्रोच करना भी बंद कर दिया।”
यह भी पढ़ें: राकेश बेदी ने ठुकरा दी थी आदित्य धर की फिल्म, बेटी ने मनाया- अब गिफ्ट मिल रही है Range Rover
अर्चना पूरन सिंह ने आगे कहा कि जब यह शो टीवी से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आया, तो चीजें बदल गई हैं। अब हम सीजन-दर-सीजन शूट करते हैं। अब मैं पूरे साल भारत में रहने के लिए बंधी हुई नहीं हूं, जिससे मुझे घूमने और दूसरे प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलता है। इसीलिए मैं बहुत खुश हूं कि अब यह शो नेटफ्लिक्स पर चलता है।”
फिल्म ‘टोस्टर’ को लेकर क्या बोलीं अर्चना
‘टोस्टर’ के बारे में बात करते हुए अर्चना पूरन सिंह ने बताया कि इस फिल्म में उनकी कास्टिंग राजकुमार राव के साथ उनकी पिछली फिल्म ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ में काम करने से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, “राजकुमार ने उस फिल्म में मेरा काम देखा था।
वही पहली बार था जब हम दोनों ने साथ काम किया और वहीं से मुझे ‘टोस्टर’ का मौका मिला। अगर मैंने वह फिल्म नहीं की होती, तो शायद मुझे यह फिल्म भी नहीं मिलती। अब मुझे उम्मीद है कि ‘टोस्टर’ मेरे लिए कम से कम दो और फिल्मों के दरवाजे खोलेगी।”
कोई मुझे रोल ऑफर नहीं कर रहा: अर्चना
अर्चना पूरन सिंह ने माना कि इतने लंबे करियर के बावजूद उन्हें आज भी एक गंभीर एक्ट्रेस के रूप में नहीं देखा जाता। उन्होंने कहा, “मैं जितनी भी कोशिश कर लूं, मैं फिल्ममेकर्स को यह यकीन नहीं दिला पा रही हूं। कोई मुझे रोल ऑफर नहीं कर रहा। लोग मुझे एक एक्ट्रेस नहीं मानते, उन्हें लगता है कि मैं बस कुर्सी पर बैठकर हंसने वाली इंसान हूं।”
बता दें कि 2019 में एक विवाद के बाद जब नवजोत सिंह सिद्धू ने शो छोड़ दिया, तब अर्चना पूरन सिंह ‘द कपिल शर्मा शो’ का हिस्सा बनी थीं। उससे पहले वह टेलीविजन पर एक जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने ‘कॉमेडी सर्कस’, ‘कॉमेडी क्लासेस’ और ‘इंडियाज लाफ़्टर चैंपियन’ जैसे कॉमेडी शो में जज की भूमिका निभाई थी।
यह भी पढ़ें: भारतीय बॉक्स ऑफिस पर मंडे टेस्ट में फेल हुई अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’, वर्ल्डवाइड कमाई 100 करोड़ के पार
