टीवी की दुनिया में भी कुछ किरदार लोगों को दीवाना बनाने का काम करते हैं। छोटे पर्दे पर काम करने वाले सितारों की पहचान एक रोल हमेशा के लिए बन जाता है। फिर चाहे वह अभिनेता कितने ही बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बन जाएं, लेकिन लोग उन्हें उस एक मशहूर किरदार से जोड़कर ही पहचानते हैं। अमर किरदार की खास पेशकश में जिक्र सोनी सब टीवी के एक हिट सीरियल का कर रहे हैं, जिसके सभी किरदार रोचक हैं, लेकिन एक रोल को शुरुआत से सबसे ज्यादा पसंद किया गया है।

छोटे पर्दे पर कई शानदार कॉमिक किरदार आए, लेकिन जो पहचान तारक मेहता का उल्टा चश्मा सीरियल के जेठालाल को मिली शायद किसी और को नहीं मिल पाई। प्रोड्यूसर असित मोदी के इस शो में दिलीप जोशी ने जेठालाल का किरदार निभाया है। आइए जानते हैं कि किन कारणों के चलते इस किरदार की दीवानगी लोगों के बीच बढ़ गई, और धीरे-धीरे जेठालाल का रोल कैसे तारक मेहता का उल्टा चश्मा शो की पहचान बन गया।

तारक मेहता शो में जेठालाल किरदार के गुस्से, उनकी मासूमियत और हर बार मुसीबत में फंस जाने के अंदाज को खूब पसंद किया गया। इतना ही नहीं, उनके कॉमिक टाइमिंग ने लोगों को पेट पकड़कर हंसने पर मजबूर कर दिया। खासतौर पर शो में बबीता जी के सामने उनके बदले हाव-भाव का अंदाज लोगों को खूब पसंद आता है, और सोशल मीडिया पर दोनों के बीच की बातचीत पर खूब मीम्स भी बनते हैं।

यह भी पढ़ें: रणवीर सिंह धमकी केस में बड़ा खुलासा: अमेरिका के नंबर से आया था वॉइस नोट, क्राइम ब्रांच एक्टिव

‘बबीता जी’ संग केमिस्ट्री को किया गया खूब पसंद

तारक मेहता का उल्टा चश्मा शो में जेठालाल और बबीता जी की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री सबसे ज्यादा चर्चा में रहती है। इस तरह के सीन्स के दौरान शो की टीआरपी भी बढ़ जाती है, और लोग गौर से शो को देखते हैं। जेठालाल के किरदार में दिलीप जोशी का हल्का-फुल्का फ्लर्ट करने का अंदाज, दया के साथ मजाकिया अंदाज में बात करना खूब पसंद आता है।

जेठालाल सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि हर मिडिल क्लास आदमी की झलक हैं, जो बिजनेस की टेंशन, परिवार की जिम्मेदारी और दोस्तों की सलाह के बीच उलझा रहता है। यही वजह है कि दर्शक इस किरदार से खुद का खास जुड़ाव महसूस करते हैं।