बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन जल्द ही पॉपुलर क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ को होस्ट करते नजर आ सकते हैं। खबरों के मुताबिक, अभिनेता ने शो के 15 एपिसोड की शूटिंग भी पूरी कर ली है। लंबे समय तक इस शो को होस्ट करने वाले अनूप सोनी के बाद अब शो में अजय देवगन की एंट्री को लेकर खबरें तेज हैं।

शो से जुड़े एक सूत्र ने बताया, “अजय देवगन ने फिलहाल 15 एपिसोड की शूटिंग की है। वह आगे भी शो का हिस्सा बने रहेंगे या नहीं, यह दर्शकों के रिएक्शन और शो की रेटिंग पर निर्भर करेगा।”

अजय देवगन के वीडियो से भी मिला हिंट

अजय देवगन ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने एक ऐसी बात का जिक्र किया, जिसने उन्हें अंदर तक हैरान कर दिया। हालांकि, अभिनेता ने सीधे तौर पर यह नहीं बताया था कि उनका इशारा ‘क्राइम पेट्रोलहरर से जुड़ा है, लेकिन उनकी होस्टिंग की खबर सामने आने के बाद इस वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है।

वीडियो में अजय देवगन हिंदी में कह रहे हैं, “कभी-कभी कुछ बातें हमें अंदर से परेशान करती हैं। और आज हमारे सामने एक ऐसी सच्चाई है, जिसे देखकर मैं भी हैरान हूं। मैं जल्द ही इसे आपके सामने लेकर आऊंगा।”

राजेश तैलंग भी करेंगे शो होस्ट

अजय देवगन के साथ अभिनेता राजेश तैलंग के भी ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन से जुड़ने की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजेश शो के कुछ एपिसोड होस्ट कर सकते हैं। हालांकि, वह कितने एपिसोड में नजर आएंगे, यह अभी तय नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें: ‘रामायण’ के लिए रणबीर कपूर की फीस 150 करोड़! जानें यश समेत पूरी स्टारकास्ट को कितनी मिली रकम

मेकर्स शो के नए सीजन के जरिए ‘क्राइम पेट्रोल’ को एक नया अंदाज देने की तैयारी में हैं। हालांकि, इसके साथ ही शो के पुराने दर्शकों को जोड़कर रखने की भी कोशिश की जा रही है।

अनूप सोनी की पहचान रहा है ‘क्राइम पेट्रोल’

‘क्राइम पेट्रोल’ के साथ अनूप सोनी का नाम लंबे समय से जुड़ा रहा है। उन्होंने कई साल तक इस शो को होस्ट किया और दर्शकों के बीच इसकी एक अलग पहचान बनाई। यही वजह है कि आज भी कई दर्शकों के लिए अनूप सोनी ‘क्राइम पेट्रोल’ का चेहरा माने जाते हैं।