ताजिकिस्तान के गायक और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अब्दू रोजिक ने ‘बिग बॉस 16’ के घर में एंट्री ली थी। उस समय वह अपनी शानदार ऊर्जा, मजेदार गानों और होस्ट सलमान खान के साथ खास रिश्ते की वजह से जल्द ही दर्शकों के सबसे पसंदीदा प्रतियोगियों में से एक बन गए। लेकिन अब शो में इतनी लोकप्रियता और लंबे समय तक रहने के बावजूद अब्दू ने दावा किया है कि उन्हें ‘बिग बॉस 16’ में हिस्सा लेने के लिए कोई भुगतान नहीं मिला था।

बिग बॉस के लिए कभी पैसे नहीं मिले

‘हाउस ऑफ जेन’ पॉडकास्ट पर बात करते हुए अब्दू ने आरोप लगाया कि उस समय उन्हें मैनेज करने वाले लोगों ने उनकी सारी कमाई हड़प ली। उन्होंने दावा करते हुए कहा, “इस दुनिया में लोगों को आपकी परवाह नहीं होती। मैंने उनके साथ तीन या चार साल काम किया। उन्होंने मुझे आगे बढ़ने में मदद की, लेकिन मैंने जो शो किए उनसे मिली सारी कमाई उन्होंने हड़प ली। सोचिए, मुझे ‘बिग बॉस’ के लिए एक डॉलर भी नहीं मिला। उन्होंने मेरे साथ बहुत बड़ा धोखा किया। वे सब कुछ ले गए।”

यह भी पढ़ें: Box Office Report: ‘मैं वापस आऊंगा’ की कमाई में दूसरे दिन आया मामूली उछाल, ‘भारत भाग्य विधाता’ और ‘गवर्नर’ का ऐसा हुआ हाल

अब्दू ने आगे कहा, “जब लोग मुझे देखते हैं, तो उन्हें लगता है कि मैं करोड़पति हूं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि मेरे कंधों पर क्या जिम्मेदारियां हैं। कैमरे के सामने आप खुश दिखते हैं, मुस्कुराते हैं और तस्वीरें खिंचवाते हैं, लेकिन घर लौटने पर आपको सभी परेशानियों का तनाव महसूस होता है। लोगों को लगता है कि मेरे पास बहुत पैसा है, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि मेरे पास अपनी कार या घर भी नहीं है।

अच्छे लोगों के साथ काम करना बहुत जरूरी है। मेरी बस यही गुजारिश है कि लोग ईमानदार रहें और ईमानदारी से काम करें। मेरे साथ धोखा न करें। मुझे लगता है कि मेरी कम हाइट की वजह से लोग मुझे कमजोर समझते हैं और सोचते हैं कि वे मुझे बेवकूफ बना सकते हैं। लेकिन असल में वे जो कुछ भी करने की कोशिश कर रहे होते हैं, मैं वह सब समझता हूं। हमें बहुत सावधान रहना चाहिए कि हम किस पर भरोसा करते हैं और किसके साथ बिज़नेस करते हैं।”

अब्दु ने आगे यह भी बताया कि कैसे उनके शारीरिक रूप-रंग की वजह से लोग अक्सर उन्हें कम आंकते हैं और उन्हें धोखा देने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा, “जब भी मैं काम के सिलसिले में बाहर जाता हूं, तो लोग शायद ही कभी मुझसे सीधे बात करते हैं। उन्हें लगता है कि शायद मुझे बातें समझ नहीं आतीं और वे मेरी टीम से बात करना ज्यादा पसंद करते हैं। मैं देखता हूं कि वे दूसरों के साथ कैसा व्यवहार करते हैं और मेरे साथ कैसा।”

ग्रोथ हार्मोन की समस्या के साथ जीना

उसी इंटरव्यू में अब्दू ने अपनी हेल्थ कंडीशन और बड़े होते समय आई चुनौतियों के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “मुझे ग्रोथ हार्मोन की समस्या है और मुझे गर्व है कि सब कुछ होने के बावजूद मैं अपने परिवार के सात लोगों का खर्च उठा रहा हूं। मैं पहाड़ों में रहने वाले एक गरीब परिवार से हूं। मेरे परिवार में मेरे अलावा बाकी सभी की लंबाई सामान्य है।”

यह भी पढ़ें: ‘अच्छे संस्कारों वाला लड़का’, 370 रुपये की बिरयानी विवाद पर कुनिका सदानंद ने दिया प्रणित मोरे का साथ