साल 2010 में अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय, तेजस्विनी कोल्हापुरे, गोविंदा, विक्रम और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर फिल्म ‘रावण’ रिलीज हुई, जिसका निर्देशन मणिरत्नम ने किया था। फिल्म में बड़े-बड़े स्टार होने के बाद भी यह मूवी फ्लॉप हो गई। अब इस मूवी में ‘दुलारी’ का किरदार निभा चुकीं तेजस्विनी ने एक इंटरव्यू में फिल्म और इसके मेकर्स को लेकर काफी सारी बातें शेयर की है। अभिनेत्री ने दावा किया है कि इस फिल्म से उनके साथ-साथ कई दूसरे लोगों के रोल भी काट दिए गए थे, जिसमें गोविंदा का नाम भी शामिल है।

काट दिए गए कई एक्टर्स के रोल: तेजस्विनी

तेजस्विनी कोल्हापुरे ने सिद्धार्थ कन्नन से बात करते हुए कहा, “मुझे उम्मीद थी कि यह फिल्म मेरे करियर का रुख बदल देगी। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ।” इसके आगे उन्होंने बताया कि हम लोग वहां तीन महीने थे, चालकड़ी करके एक जगह है कोचिन के आगे हम शूटिंग कर रहे थे। जब मैं वहां पहुंचीं, तो पहले मुझे स्किप्ट नहीं दी गई।

यह भी पढ़ें: ‘अपने आपको बहुत खूबसूरत समझती है’, ऐश्वर्या राय से बेहद नाराज हो गए थे सलमान खान, हिमानी शिवपुरी ने सुनाया वाकया

फिर जब मुझे स्क्रिप्ट मिली और मैंने पढ़ी, तो मुझे लगा कि मुझे निकलना चाहिए। क्योंकि मेरा रोल वैसा नहीं था, जो मुझे बताया गया था। मैं जब बॉम्बे में थी, उस समय जब मेरी मीटिंग हुई, तब मुझे कुछ अलग ही बताया गया था, लेकिन मैंने कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था। मैं झगड़ों और झंझटों में नहीं पड़ना चाहती थी। इसलिए मैंने फिल्म की।”

तेजस्विनी ने आगे बताया कि जब वह लोकेशन पर पहुंचीं और स्क्रिप्ट पढ़ी, तो उन्होंने अनुराग कश्यप को फोन किया, जिनसे उनकी दोस्ती तब से थी जब उन्होंने उनके साथ ‘पांच’ में काम किया था। अभिनेत्री ने कहा, “मैंने उन्हें बताया कि मैं बहुत स्ट्रेस में हूं। उन्होंने मुझे शांत किया, रिलैक्स करने को कहा और बस अपना काम लगन से करने को कहा।

फिर जब मैं डबिंग के लिए गई, तो मुझे पता चला कि मेरा बस एक डायलॉग है। पहले मैंने सोचा शुरू में डालने के लिए एक डायलॉग रखा होगा। फिर मैं वहां खड़ी रही और पीछे से आवाज आई, मैम आपका हो गया। ऐसे में मैंने पूछा कि बाकी सीन्स का क्या हुआ। तो उन्होंने मुझे कहा कि कर रहे हैं एडिट, देखेंगे बाद में।”

अभिनेत्री ने कहा, तब तक मुझे पता चल गया था कि उन्होंने फिल्म बदल दी है। मैं पूरी तरह से हैरान थी। जो मुझे बताया गया था, वह स्क्रिप्ट में नहीं था और जो स्क्रिप्ट में था, वह फिल्म में नहीं था। सब कुछ बदल गया था। मैंने मान लिया था कि इस फिल्म में मेरा कोई रोल ही नहीं था। सिर्फ मेरा ही नहीं गोविंदा, सदाशिव अमरापुरकर, सचिन खेडेकर सभी के रोल काट दिए गए थे। यह एक बहुत बड़ा झटका था।”

यह भी पढ़ें: अब बड़े पर्दे पर दिखेगा गुड्डू, मुन्ना और कालीन भैया का भौकाल, ‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ की रिलीज डेट आई सामने