छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककथा गायन शैली पंडवानी को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने वाली प्रख्यात लोक गायिका तीजन बाई का रविवार को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने 70 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। एम्स रायपुर के एक डॉक्टर ने न्यूज एजेंसी भाषा को बताया कि पद्म विभूषण से सम्मानित तीजन बाई ने रविवार तड़के सवा तीन बजे अस्पताल में अंतिम सांस ली।

दुर्ग जिले से थीं तीजन बाई

उनका अस्पताल में 27 मई से इलाज किया जा रहा था। तीजन बाई दुर्ग जिले से थीं। अपनी दमदार आवाज, मंच पर प्रभावशाली उपस्थिति और भावपूर्ण प्रस्तुति शैली के लिए प्रसिद्ध तीजन बाई ने पंडवानी को एक क्षेत्रीय लोक परंपरा से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित लोककला का दर्जा दिलाया। पंडवानी छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला है, जिसमें महाभारत के प्रसंगों को प्रभावशाली कथा-वाचन, लोकगायन और संगीत के साथ जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाता है।

यह भी पढ़ें: आमिर खान गौरी स्प्रैट की शादी की तैयारियां शुरू, सजावट की पहली वीडियो और तस्वीरें आईं सामने

तीजन बाई को मिल चुके हैं कई सम्मान

उनकी प्रस्तुतियों ने देश-विदेश के दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया और इसी के साथ उनका नाम देश के सबसे सम्मानित एवं लोकप्रिय लोक कलाकारों में शामिल हो गया। भारतीय लोक कलाओं में उनके असाधारण योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्म श्री, पद्म भूषण और देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण प्रदान किया था।

पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया शोक

पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की इस लोक कला को अपनी भव्य प्रस्तुति से दुनियाभर में एक विशिष्ट पहचान दिलाई। उनका जाना कला एवं संस्कृति जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”

12 साल की उम्र में हुई थी शादी

द हिंदु के मुताबिक, तीजन बाई की शादी 12 साल की उम्र में हो गई थी। शादी के बाद ही उन्होंने गाना शुरू किया। महिला होने के बावजूद पंडवानी गाने की वजह से उन्हें उनकी कम्युनिटी पारधी से निकाल दिया गया। उन्हें अपने पति का घर छोड़ना पड़ा। उन्होंने लोगों के घर में काम किया और खाना मांग कर खाया। उनकी मेहनत रंग लाई। उन्होंने दो शादियां की थी।

यह भी पढ़ें: Alpha Box Office Collection Day 2: दूसरे दिन ‘ऐल्फा’ की कमाई में आया उछाल, शनिवार को आलिया भट्ट की फिल्म ने कमाए 11.25 करोड़