नीब करोरी बाबा की जिंदगी और उनके चमत्कार अब बड़े पर्दे पर देखने को मिलने वाले हैं। उनपर बन रही फिल्म ‘श्री बाबा नीब करोरी महाराज’ का टीजर रिलीज हो गया है और इसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। फिल्म 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में सुबोध भावे नीब करोरी बाबा के किरदार में नजर आएंगे।
टीजर की शुरुआत सुबोध भावे से होती है, जो नीब करोरी बाबा के रूप में शांत और गहरी ध्यान मुद्रा में बैठे नजर आ रहे हैं। इसके बाद एक दमदार आवाज सुनाई देती है, “देख, मैं आ गया हूं तेरे लिए… इसी दिन का इंतजार था ना तुझे? देख, मैं तेरे सामने खड़ा हूं।”
इस दौरान एक्टर राजेश शर्मा को हाथ जोड़कर खड़े हुए दिखाया गया है। टीजर का माहौल काफी आध्यात्मिक और भावुक है, जो सीधे दिल को छूता है। सोशल मीडिया पर लोग टीजर और खासतौर पर सुबोध भावे की कास्टिंग की जमकर तारीफ कर रहे हैं। फिल्म में हितेन तेजवानी, स्मिता तांबे, मिलिंद गुणाजी, हेमंत पांडे और अनिरुद्ध दवे जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन शरद सिंह ठाकुर ने किया है।
यह भी पढ़ें: क्या आपने देखी अल्लू अर्जुन के बचपन की ये फिल्म, 4 साल की उम्र में किया था एक्टिंग डेब्यू
कौन थे नीब करोरी बाबा?
नीब करोरी बाबा 20वीं सदी के महान संत माने जाते हैं। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के अकबरपुर में हुआ था और बचपन में उनका नाम लक्ष्मीनारायण शर्मा था। कहा जाता है कि उन्होंने कम उम्र में ही घर छोड़कर आध्यात्मिक जीवन अपना लिया था। अब उनका उत्तराखंड के नैनीताल जिले में एक मंदिर है, जिसे कैंची धाम के नाम से जाना जाता है।
यह भी पढ़ें: टेलीग्राम पर 50 रुपये में बेची गई रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’, महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
लोग मानते हैं कि उनके पास अद्भुत शक्तियां थीं और वो अपने भक्तों की हर समस्या समझ लेते थे। आज भी देश-विदेश से लोग उनके कैंची धाम में दर्शन करने पहुंचते हैं। अनुष्का शर्मा, विराट कोहली, सामंथा रुथ प्रभु और कैलाश खेर जैसे कई सितारे भी उनके भक्त माने जाते हैं।
