एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर की मौत को लेकर चौंकाने वाले बयान दिए हैं। 8 अक्टूबर को नाना पाटेकर की मौत के बाद तनुश्री ने IANS से बात करते हुए उन्हें ‘शैतान’ बताया। उन्होंने दावा किया कि नाना पाटेकर आज भी उन्हें परेशान कर रहे थे। तनुश्री ने एक्टर की मौत को ‘भगवान का काम’ कहा।
साल 2018 में तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। #MeToo मूवमेंट के दौरान तनुश्री पहली एक्ट्रेस थीं, जो अपनी कहानी लेकर सामने आईं। एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कोर्ट केस की डिटेल शेयर कीं। साथ ही बताया कि उन्हें किन-किन चीजों का सामना करना पड़ा।
तनुश्री ने बोले तीखे बोल
इस बारे में बताते हुए तनुश्री दत्ता ने कहा, ‘हमें एक मुख्य गवाह को मनाने में 5 साल लगे। उसे धमकियां मिलती थीं। हमारी मुख्य गवाह, मेरी हेयरड्रेसर थी। उन्होंने कोर्ट में एफिडेविट दिया था, जिसमें कहा गया था कि मैडम जो भी कह रही हैं, मैंने अपनी आंखों से देखा है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘हम भारत में रहते हैं। यहां यह जरूरी नहीं है कि जो जीतता है वही सही हो। यहां कोई नहीं जीता। जज ने केस बंद कर दिया। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं सही नहीं थी और वह गलत नहीं था।’
तनुश्री ने फिर नाना पाटेकर पर हमला करते हुए कहा, ‘वह बहुत ही अहंकारी व्यक्ति था। भगवान ने उसकी जान ले ली, क्योंकि वह रुक नहीं रहा था। वह लगातार मुझे परेशान कर रहा था।’
इंस्टाग्राम वीडियो को लेकर हो रहीं ट्रोल
8 अक्टूबर को नाना पाटेकर की मौत उनके गोवा स्थित घर पर हुई थी। इस खबर के आने के बाद तनुश्री ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने कहा कि उन्होंने नाना पाटेकर की मौत की खबर तब सुनी थी जब वह एक इवेंट के लिए लखनऊ जा रही थीं।
एक्ट्रेस ने कहा कि वह अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट पर ध्यान देना चाहती थीं। लेकिन उन्हें चिंता थी कि नाना पाटेकर की मौत की खबर उनके इवेंट के आसपास मीडिया की बातचीत पर हावी हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘मैंने खबर सुनी है। आज मेरा काम का दिन है। मैं एक इवेंट के लिए लखनऊ जा रही हूं, और मैं उस पर फोकस करना चाहती हूं।’
इसे एक ‘अजीब दिन’ बताते हुए तनुश्री ने आगे कहा, ‘मैं लखनऊ में एक बहुत बड़ा इवेंट कर रही हूं और मैंने अपना पूरा दिन प्लान किया था। मैं लाइव करना चाहती थी, कंटेंट पोस्ट करना चाहती थी और अब मुझे चिंता है कि शाम को सारा मीडिया ‘ईविल डेड (evil dead)’ में इंटरेस्टेड होने वाला है। इसलिए मैं अपना रिएक्शन एक बार यह तय करने के बाद दूंगी कि मुझे किस तरह की प्रतिक्रिया देनी चाहिए। निश्चित रूप से परिवार के प्रति संवेदनाएं।’
यह भी पढ़ें: नाना पाटेकर की मौत ‘अननेचुरल’, गोवा पुलिस के केस किया दर्ज, दावा है कि एक्टर को मृत लाया गया
तनुश्री का ये वीडियो तेजी से वायरल गया। इसके बाद यूजर्स ने उनके शब्दों के चुनाव के लिए उनकी आलोचना की। तनुश्री का नाना पाटेकर की मौत पर उन्हें ‘ईविल डेड’ बुलाना यूजर्स को पसंद नहीं आया था। ऐसे में एक्ट्रेस को ‘खराब’, ‘जहर उगलने वाली’ और उनके रवैये को ‘अमानवीय व्यवहार’ बताया गया।
तनुश्री ने लगाए थे बड़े आरोप
तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर 2018 में भारत के #MeToo मूवमेंट के दौरान विवादों में आए थे। तनुश्री ने 2008 की फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीस’ के एक गाने की शूटिंग के दौरान पाटेकर पर अनुचित व्यवहार और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
उनके आरोपों के अनुसार, यह घटना मुंबई के फिल्मिस्तान स्टूडियो में गाने की शूटिंग के दौरान हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि शूट के दौरान पाटेकर ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था। हालांकि एक्टर ने सभी आरोपों से इनकार किया था।
