साल 2025 में आई फिल्म ‘सैयारा’ का टाइटल ट्रैक दर्शकों को काफी पसंद आया था। अनीत पड्डा और अहान पांडे स्टारर मोहित सूरी की फिल्म ‘सैयारा’ के इस गाने को कंपोज करने वाले सिंगर तनिष्क बागची ने एक साल बाद दावा किया है कि उन्हें इस गाने की रायल्टी अभी तक नहीं मिली है।
इस गाने के इतना हिट होने के बाद भी सिंगर को अभी भी इस गाने की करीब 8 लाख रुपये की रायल्टी नहीं मिली है। इस बात का दावा सिंगर ने अपने इंस्टाग्राम पर किया और लंबे चौड़े पोस्ट कि जरिए अपनी बात फैंस के सामने रखी। कमाल बात ये रही कि बाद में उन्होंने इस पोस्ट को डिलीट भी कर दिया।
यह भी पढ़ें- ‘ये व्यवस्था गूंगी, बहरी और संवेदनहीन है’, सोनम वांगचुक के समर्थन में शेखर सुमन का सरकार पर तीखा हमला
बॉलीवुड में ‘दिलबर’, ‘हम्मा सॉन्ग’, ‘वास्ते’ जैसे सुपरहिट गाने देने के बाद सिंगर तनिष्क बागची को अपने एक गाने ‘सैयारा’ के टाइटल ट्रैक की रायल्टी अभी तक नहीं मिली है। उन्होंने साफ किया कि उनका मकसद किसी की सहानुभूति पाना नहीं है, बल्कि वह सिर्फ यह बताना चाहते हैं कि इस गाने को बनाने में उन्होंने कितनी मेहनत लगाई, लेकिन इसकी सफलता के बावजूद उन्हें आर्थिक रूप से वह फायदा नहीं मिला जिसकी उन्हें उम्मीद थी।
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने फिल्म ‘सैयारा’ का एक पोस्टर साझा करते हुए लिखा, ‘यह YRF Entertainment और YRF Music के साथ उनकी पहली फिल्म थी। उन्होंने संगीत पर भरोसा करते हुए सभी शर्तें स्वीकार कर ली थीं। गाने के प्रोडक्शन, कंपोजिशन, गीतकार और सिंगर्स के साथ काम, रिकॉर्डिंग, वोकल ट्यूनिंग, साउंड, अरेंजमेंट्स और हर छोटी-बड़ी चीज पर उन्होंने पूरी मेहनत की और इसे अपना प्रोजेक्ट मानकर बनाया।’

उन्होंने यह भी बताया कि YRF से जो मामूली रकम उन्हें मिली थी, उसका लगभग पूरा हिस्सा लाइव रिकॉर्डिंग और मिक्सिंग पर खर्च हो गया। आखिर में उनके पास कुछ भी नहीं बचा। तनिष्क ने लिखा कि ‘इतने बड़े हिट गाने से उनकी कमाई लगभग शून्य रही। सबसे ज्यादा दुख इस बात का है कि रॉयल्टी स्टेटमेंट के मुताबिक, इतने बड़े हिट गाने के लिए उन्हें अब तक सिर्फ 8 लाख रुपये की रॉयल्टी मिलनी बाकी है।’ उनका कहना है कि जिस गाने ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर करोड़ों स्ट्रीम्स और व्यूज हासिल किए, उसके मुकाबले यह रकम बेहद कम है।
उन्होंने कहा कि ‘इस गाने में उन्होंने अपना समय, मेहनत और पूरा जुनून लगा दिया था। ऐसे में उन्हें उम्मीद थी कि इतनी बड़ी सफलता के बाद उन्हें कहीं ज्यादा रॉयल्टी मिलेगी, लेकिन सिर्फ 8 लाख रुपये मिलना उनके लिए ‘मूंगफली के बराबर’ है।’
अपनी बात के अंत में सिंगर ने कहा ‘बाकी सब कुछ वह भगवान और समय पर छोड़ते हैं, क्योंकि समय हर सच्चाई सामने ले आता है और कर्म हर किसी का हिसाब बराबर कर देता है।’ तनिष्क ने यह भी लिखा कि ‘इस पूरी फिल्म से जुड़े लोगों में वह सबसे ज्यादा सम्मान सिर्फ निर्देशक मोहित सूरी और गीतकार इरशाद कामिल का करते हैं। उनके अनुसार, इन्हीं दोनों की वजह से उन्होंने इस फिल्म का हिस्सा बनने का फैसला किया था।’
