तमिलनाडु में आज यानी गुरुवार, 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस चुनाव में 5.73 करोड़ से ज्यादा मतदाता 4,023 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। पूरे राज्य में 33,133 लोकेशनों पर बने 75,064 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।
मतदान के इस मौके में फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे भी हिस्सा लेने पहुंचे। सुपरस्टार रजनीकांत, विजय, कमल हासन और अजीत कुमार समेत कई दिग्गज अपने-अपने पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचे, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
रजनीकांत सुबह की वॉक के दौरान ही वोट डालने पहुंचे। इस दौरान वह सफेद कपड़ों में नजर आए और उन्होंने फैंस अभिवादन भी किया। साथ ही वोट डालने के बाद उन्होंने स्याही लगी उंगली दिखाते हुए फोटो खिंचवाई।
यह भी पढ़ें: पाथेर पंचाली से शतरंज के खिलाड़ी तक: सिनेमा लवर हैं तो जरूर देखें सत्यजीत रे की ये 5 मास्टरपीस
वहीं कमल हासन अपनी बेटी श्रुति हासन के साथ ब्लैक आउटफिट में ट्विनिंग करते नजर आए। अजीत कुमार ने भी ऑल-व्हाइट लुक में अपने सिग्नेचर स्टाइल में स्याही लगी उंगली दिखाते हुए पोज दिया।
धनुष भारी भीड़ और मीडिया की मौजूदगी के चलते कड़ी सुरक्षा के बीच वोट डालने पहुंचे। वोट देने के बाद उन्होंने कैमरों की ओर हल्का इशारा किया और वहां से निकल गए। अनिरुद्ध चंदर हल्के पीले शर्ट और बेज ट्राउजर में नजर आए, जबकि एटली सफेद स्ट्राइप शर्ट में दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें: ‘शिव मुझे अपने साथ ले चलो’: 30 की उम्र में निधन के बाद वायरल हुई दिव्यांका सिरोही की आखिरी पोस्ट
इन सबके बीच सबसे ज्यादा ध्यान थलापति विजय पर रहा, जो अब अभिनेता से नेता बन चुके हैं और टीवीके के चीफ हैं। चेन्नई के एक पोलिंग स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचे विजय को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। सफेद शर्ट में उन्होंने मीडिया और समर्थकों का मुस्कुराते हुए अभिवादन किया। यह पल उनके राजनीतिक सफर का एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।
साउथ और बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकीं तृषा कृष्णन ने भी अपना वोट डाला। इस दौरान वह ग्रीन कलर के सूट में नजर आईं और सादगी भरे अंदाज़ में दिखाई दीं।
इस बीच प्रभु देवा ने भी अपना वोट डाला और सोशल मीडिया पर स्याही लगी उंगली दिखाते हुए अपनी तस्वीर साझा की।
