तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता जोसेफ विजय ने सोमवार को चेन्नई में ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा को सम्मानित किया। 20 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी ने 6 जून को प्रतिष्ठित नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतकर इतिहास रच दिया था। वह इस प्रतियोगिता को जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने हैं।

तमिलनाडु सरकार की ओर से विजय ने प्रज्ञानानंदा को 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया। हालांकि, सम्मान समारोह से ज्यादा चर्चा दोनों के बीच हुई एक मजेदार शतरंज बाजी की रही, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

मुलाकात के दौरान विजय ने अचानक प्रज्ञानानंदा को शतरंज खेलने का न्योता दिया। वायरल वीडियो में दोनों एक शतरंज बोर्ड के सामने खड़े होकर तेजी से चालें चलते नजर आए। आखिर में प्रज्ञानानंदा ने बाजी जीत ली, लेकिन विजय के खेल ने उन्हें भी प्रभावित कर दिया।

बाद में मीडिया से बात करते हुए प्रज्ञानानंदा ने कहा, “मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि विजय सर शतरंज खेलते हैं। उन्होंने मुझसे बोर्ड लाने को कहा और हम तुरंत खेलने बैठ गए। उन्होंने काफी अच्छा खेला। मैंने उनसे पूछा कि वह कब शतरंज खेलते हैं, तो उन्होंने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ खेलते हैं। मैं जीत गया, लेकिन मुझे नहीं लगा था कि वह इतना अच्छा खेलेंगे।”

यह भी पढ़ें: ‘ट्रंप को देखकर लगता था क्या भैंसा जैसा आदमी है’, शेखर सुमन ने अपने शो में उड़ाया अमेरिकी राष्ट्रपति का मजाक, बोले- बकरीद पर हलाल…

फिल्मों की बात करें तो विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन‘ अभी रिलीज नहीं हुई है। राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने से पहले यह उनकी अंतिम फिल्म मानी जा रही है। फिल्म को पहले पोंगल पर रिलीज किया जाना था, लेकिन सर्टिफिकेशन से जुड़ी कुछ वजहों के कारण इसकी रिलीज फिलहाल अनिश्चित बनी हुई है।