Bharathiraja Passes Away: तमिल सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर और अभिनेता भारतीराजा का बुधवार को उम्र संबंधित बीमारियों के कारण निधन हो गया। उन्होंने 84 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। फिल्ममेकर ने चेन्नई स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली। तमिल फिल्म प्रोड्यूसर्स काउंसिल ने भारतीराजा के निधन की खबर की पुष्टि की।

काउंसिल के एक बयान में कहा गया, “हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि हमारे एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ सदस्यों में से एक मशहूर डायरेक्टर भारतीराजा का आज सुबह निधन हो गया।”

यह भी पढ़ें: जब राजेश खन्ना-विनोद खन्ना ने ठुकराईं सुपरहिट फिल्में, किसी और के नाम हो गया स्टारडम

खुशबू सुंदर ने किया शोक व्यक्त

अभिनेता-राजनेता खुशबू सुंदर ने भी अभिनेता-फिल्म निर्माता के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “यह जानकर मैं बेहद दुखी हूं कि हमारे सबसे प्रिय, सम्मानित और दिग्गज निर्देशक भारतीराजा अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका जाना तमिल सिनेमा के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनकी फिल्में हमेशा फिल्म निर्माण की मिसाल रही हैं और आगे भी फिल्ममेकर्स के लिए एक स्कूल की तरह रहेंगी।

उन्होंने सिनेमा प्रेमियों के लिए एक अमूल्य विरासत छोड़ी है। वह अक्सर मुझसे कहते थे कि दो चोटियों वाले मेरे लुक में मेरे साथ एक फिल्म करेंगे। अफसोस, यह सपना अब अधूरा ही रह जाएगा। सर, आपको बहुत याद करूंगी।”

भारतीराजा पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। पिछले साल दिसंबर में उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद इस साल उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। इलाज के बाद अप्रैल में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

भारतीराजा की मुख्य फिल्में

कई दशकों तक फैले अपने शानदार करियर में भारतीराजा ने तमिल सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं। उन्हें तमिल फिल्म इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली निर्देशकों में गिना जाता है। उनकी प्रमुख फिल्मों में ’16 वयाथिनिले’ (1977), ‘किझक्के पोगुम रेल’ (1978), ‘सिगप्पु रोजाक्कल’ (1978), ‘निझलगल’ (1980), ‘अलैगल ओइवथिल्लै’ (1981), ‘टिक टिक टिक’ (1981), ‘ओरु कैधियिन डायरी’ (1985), ‘मुधल मरियाथाई’ (1985) और ‘किझक्कु चीमायिले’ (1993) शामिल हैं।

अपने करियर के दौरान उन्होंने तमिल सिनेमा के बड़े सितारों रजनीकांत, कमल हासन और शिवाजी गणेशन के साथ काम किया। बतौर निर्देशक उनका आखिरी प्रोजेक्ट ‘परावई कूटिल वाझुम मांगल’ था, जो अमेजन प्राइम वीडियो की एंथोलॉजी सीरीज ‘मॉडर्न लव चेन्नई’ (2023) का एक हिस्सा था।

बीते साल हुआ था बेटे का निधन

हाल के वर्षों में वह अभिनेता के रूप में भी काफी सक्रिय रहे। उन्होंने ‘आयुधा एझुथु’, ‘पांडियानाडु’, ‘ईश्वरन’, ‘थिरुचित्राम्बलम’ और ‘महाराजा’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया। उनकी आखिरी स्क्रीन उपस्थिति ‘थुडारुम’ (2025) में थी, जिसमें मोहनलाल और शोभना मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। भारतीराजा अपने पीछे पत्नी चंद्रलीला और बेटी जननी को छोड़ गए हैं। उनके बेटे मनोज भारतीराजा का निधन वर्ष 2025 में हो गया था।

यह भी पढ़ें: ‘उस कमाई से अपना घर खरीदा’, टीवी होस्ट बनकर सबसे ज्यादा फीस लिया करते थे जावेद जाफरी, बोले- अगर फिल्म नहीं चलती…