एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने दिग्गज अभिनेता अन्नू कपूर के उस विवादित बयान पर रिएक्शन दिया है, जिसको लेकर पिछले साल काफी विवाद हुआ था। अन्नू कपूर ने तमन्ना की खूबसूरती और उनके शरीर को लेकर टिप्पणी की थी, उन्होंने उनके गाने ‘आज की रात की तारीफ करते हुए उनके लिए ‘दूधिया बदन’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इसके बाद उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।
अब हाल ही में एनडीटीवी प्रॉफिट इग्नाइट 2026 में बातचीत के दौरान तमन्ना से इस मामले पर सवाल पूछा गया। इस पर एक्ट्रेस ने कहा कि वह ऐसी टिप्पणियों पर ध्यान देने के बजाय अपने काम पर फोकस करना पसंद करती हैं। उनके मुताबिक, एक कलाकार के लिए यह समझना बेहद जरूरी है कि उसे किन बातों को गंभीरता से लेना चाहिए और किन बातों को नजरअंदाज करना चाहिए।
तमन्ना ने दिया अन्नू कपूर के बयान पर जवाब
तमन्ना ने कहा, ‘एक क्रिएटिव इंसान के तौर पर हमारा सबसे जरूरी काम सुनना है। लेकिन हम जो सुनते हैं, उसमें से किन बातों को अपने साथ रखते हैं और किन्हें नजरअंदाज करते हैं, यह समझना बहुत जरूरी है।’ उन्होंने आगे कहा कि एक महिला होने के नाते इस बात को समझा जा सकता है कि अगर हम ऐसी बातों को ज्यादा अहमियत देने लगें, तो शायद जिंदगी में आगे बढ़ना मुश्किल हो जाएगा।
यह भी पढ़ें – तमन्ना भाटिया के बयान के बाद चर्चा में ‘Weight Fluctuation’, एक्सपर्ट से जानिए क्यों महिलाओं का वजन बार-बार घटता-बढ़ता है
क्या था विवाद
यह विवाद साल 2025 का है जब एक्टर अनु कपूर ने शुभांकर मिश्रा के साथ एक इंटरव्यू दिया था। इस दौरान उन्हें हिंदी हॉरर-कॉमेडी फिल्म स्त्री 2 के गाने आज की रात में तमन्ना भाटिया के डांस का एक वीडियो दिखाया गया था। जब होस्ट ने तमन्ना की तारीफ करते हुए कहा कि वह उन्हें पसंद करते हैं तो अन्नू कपूर ने एक्ट्रेस की खूबसूरती पर टिप्पणी करते हुए उनके लिए दुधिया शब्द का इस्तेमाल किया था। इस बयान के बाद उनकी काफी आलोचना हुई थी।
यह भी पढ़ें- तमन्ना भाटिया को ‘दूधिया बदन’ कहने के लिए अन्नू कपूर ने दी सफाई- बुरा लगा तो पैर छू लूंगा
तमन्ना को देखकर बच्चों को अच्छी नींद आती है
अन्नू कपूर ने अपनी टिप्पणी को आशीर्वाद बताते हुए कहा था कि तमन्ना के गाने और उनका चेहरा देखकर उनके बच्चों को नींद अच्छी आती है। उन्होंने कहा कि अगर उनके गाने और उनकी खूबसूरती से बच्चे अच्छी नींद सो पाते हैं, तो यह अच्छी बात है। अन्नू कपूर के मुताबिक, देश के बच्चों को अच्छी और सेहतमंद नींद मिलना एक बड़े आशीर्वाद से कम नहीं होगा।
