एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी की 29 मार्च को ओडिशा में एक टीवी सीरियल की शूटिंग के दौरान डूबने से मौत हो गई थी। पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली ने उनके निधन पर दुख जताया, लेकिन फिर कुछ ऐसा बोल दिया जिसकी बंगाली एक्ट्रेस स्वास्तिका मुखर्जी ने आलोचना की है।
दरअसल राहुल बनर्जी की दुखद मौत पर दुख जताते हुए सौरव गांगुली ने कहा, “मुझे समझ नहीं आता कि वो पानी में क्यों गए, भले ही शूटिंग के लिए ही क्यों न हो।” कई लोगों को उनका ये बयान सही नहीं लगा और राहुल की को-एक्ट्रेस स्वास्तिका मुखर्जी ने इसे असंवेदनशील बताया।
सौरव गांगुली के बयान पर क्या बोलीं स्वास्तिका?
एक इंटरव्यू में स्वास्तिका ने कहा कि इतने बड़े कद के व्यक्ति को अपने शब्दों का चयन बेहद सोच-समझकर करना चाहिए, खासकर तब जब मामला किसी के निधन जैसा संवेदनशील हो। उन्होंने इस टिप्पणी को संवेदनहीनबताते हुए कहा कि इस तरह के सवाल किसी व्यक्ति की परिस्थितियों और उसके पेशे की वास्तविकताओं को नजरअंदाज करते हैं।
यह भी पढ़ें: कौन थे राहुल अरुणोदय बनर्जी, निधन के बाद पत्नी प्रियंका सरकार ने की प्राइवेसी की अपील
स्वास्तिका ने इंडस्ट्री में काम करने की परिस्थितियों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सौरव गांगुली जैसे बड़े सितारे अक्सर एसी स्टूडियो में काम करते हैं, जहां सभी सुविधाएं उपलब्ध होती हैं, जबकि बाहरी लोकेशंस पर काम करने वाले कलाकारों को कई बार कठिन हालातों का सामना करना पड़ता है। उनके मुताबिक, अगर राहुल उस सीन के लिए पानी में नहीं जाते, तो किसी और कलाकार को जाना पड़ता, क्योंकि यह उनके काम की मांग थी।
यह भी पढ़ें: धुरंधर 2 का मनोविज्ञान: रहमान डकैत हो या उजैर बलोच, क्यों खलनायकों के लिए जागी लोगों की हमदर्दी
उन्होंने आगे कहा कि किसी के प्रोफेशन या मजबूरी पर इस तरह सवाल उठाना उसकी मेहनत और समर्पण का अपमान है। स्वास्तिका ने यह भी जोर दिया कि पब्लिक लाइफ जीने वाले लोगों को यह समझना चाहिए कि उनके बयान का असर न सिर्फ समाज पर, बल्कि पीड़ित परिवार पर भी पड़ता है।
