दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन 4 मार्च को हुए 26 साल के तरुण खाटिक हत्याकांड पर अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर लंबा पोस्ट लिखकर इस घटना को भयानक और शर्मनाक बताते हुए कहा है कि इस मामले को राजनीतिक रंग देकर नफरत फैलाने की कोशिश की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, होली के दिन दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में दो पड़ोसी परिवारों के बीच झगड़ा हो गया था। जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक एक हिंदू परिवार की बच्ची ने बुर्का पहने मुस्लिम महिला पर पानी का गुब्बारा गिरा दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
स्वरा भास्कर ने अपने पोस्ट में कहा कि पुलिस के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच कई सालों से पुराना विवाद चला आ रहा था। इसी दौरान झगड़ा बढ़ा और तरुण खाटिक अपने कुछ दोस्तों को जिम से बुला लाया। हाथापाई के दौरान तरुण के सिर में गंभीर चोट लगी और वह गिर गया। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई।
‘हत्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता’
स्वरा भास्कर ने लिखा कि तरुण की मौत बेहद दुखद और भयावह है और इसे किसी भी हालत में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना को सांप्रदायिक रूप देकर पूरे समुदाय को निशाना बनाना गलत है।
‘संघी इकोसिस्टम’ पर लगाया आरोप
अपने पोस्ट में एक्ट्रेस ने कहा कि घटना के बाद कुछ संगठनों और सोशल मीडिया अकाउंट्स ने इसे “मुस्लिम भीड़ द्वारा हिंदू युवक की हत्या” के तौर पर प्रचारित करना शुरू कर दिया और इससे माहौल और भड़क गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की हेडलाइन्स और पोस्ट के जरिए “हिंदू खतरे में हैं” जैसे नारे फैलाए जा रहे हैं, जिससे समाज में नफरत बढ़ती है।
विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ का भी जिक्र
स्वरा ने यह भी दावा किया कि घटना के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और कथित तौर पर मुस्लिम परिवार के घर को नुकसान पहुंचाया।
उन्होंने यह भी कहा कि बाद में कार्रवाई के तहत सीएम रेखा गुप्ता ने एक मुस्लिम परिवार के घर पर बुलडोजर चलवा दी। सीएम को आंटी जी कहते हुए स्वरा ने इस पर सवाल उठाए और कहा कि इस तरह की कार्रवाई कानून के दायरे में होनी चाहिए।
मुस्लिम महिला के आरोपों का जिक्र
स्वरा भास्कर ने अपने पोस्ट में उस मुस्लिम महिला के आरोपों का भी जिक्र किया, जिसने दावा किया है कि गुब्बारे की घटना के बाद तरुण और उसके कुछ साथियों ने कथित तौर पर उसके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
हालांकि इन आरोपों की जांच अभी पुलिस कर रही है और इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुराने मामलों का भी दिया उदाहरण
एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में 2015 के अखलाख मॉब लिंचिंग केस और कन्हैया लाल हत्याकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समुदाय के खिलाफ हिंसा गलत है और ऐसे मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए।
‘राजनीतिक अवसरवाद से बचना चाहिए’
स्वरा भास्कर ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा कि चाहे किसी भी तरह की उकसावे की स्थिति रही हो, लेकिन किसी की हत्या को सही नहीं ठहराया जा सकता। साथ ही उन्होंने कहा कि इस घटना का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए नहीं किया जाना चाहिए और लोगों को ऐसी कोशिशों से सावधान रहना चाहिए।
आपको बता दें, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।
UK07 Rider Net Worth: जानें कितने अमीर हैं अनुराग डोभाल, करोड़ों में होती है कमाई
