बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर (Swara Bhaskar) आए दिन किसी ना किसी वजह से सुर्खियों का हिस्सा बनी रहती हैं। एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। वह अक्सर लगभग हर मुद्दे पर अपनी राय रखनी नजर आती हैं। अब हाल ही में एक्ट्रेस ने शाहरुख खान (Shahrukh Khan) और दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) की अपकमिंग फिल्म ‘पठान’ (Pathaan) कंट्रोवर्सी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा है कि नेता एक्ट्रेस के कपड़े कम देखें और अपना काम करें।
‘पठान’ विवाद पर क्या बोलीं स्वरा भास्कर
दरअसल स्वरा भास्कर को हाल ही में मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से ‘पठान’ के ‘बेशर्म रंग’ गाने पर हो रहे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘हमारे नेता एक्ट्रेसेज के कपड़े कम देखें और अपने काम पर ज्यादा फोकस करें तो अच्छा होगा, जैसे हम अपने काम पर फोकस कर रहे हैं।’ अब एक्ट्रेस के इस बयान को सोशल मीडिया पर एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर तंज बताया जा रहा हैं।
दीपिका पादुकोण की भगवा बिकिनी पर हुआ विवाद
गौरतलब है कि ‘बेशर्म रंग’ रंग गाना रिलीज होते ही विवादों में आ गया था। गाने में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के भगवा रंग के कपड़े पहनने को लेकर कई लोगों ने नाराजगी जाहिर की थी। कई राज्यों में फिल्म पर अश्लीलता फैलाने और भगवा रंग का अपमान करने के आरोप लग रहे हैं। वहीं नरोत्तम मिश्रा ने इस गाने पर आपत्ति जताते हुए इस गाने को फिल्म से हटाने के लिए कहा था। विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पिछले सप्ताह ही अहमदाबाद के एक मॉल में हंगामा किया था और फिल्म ‘पठान’ के पोस्टर फाड़ दिए थे। अब विवादों के बीच फिल्म का ट्रेलर 10 जनवरी को रिलीज किया जा चुका है।
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थी स्वरा
एक्ट्रेस स्वरा भास्कर दिसंबर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मध्य प्रदेश के उज्जैन में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं थीं। वर्क फ्रंट की बात करें तो स्वरा आखिरी बार बीते वर्ष फिल्म ‘जहां चार यार’ में नजर आई थीं। जल्द ही वह मर्डर मिस्ट्री फिल्म ‘मिमांसा’ और ‘मिसेज फलानी’ में नजर आएंगी।