सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ का टीजर रिलीज हो गया है। इस फिल्म का पहले लुक कुछ दिन पहले ही आया था, जिसने फैंस के बीच तगड़ा बज बनाया। अब पिक्चर का टीजर इसकी कहानी की झलक हमें दे रहा है। सनी ने अपने जन्मदिन के मौके पर फैंस को तोहफा दिया है।

रिलीज हुआ सूर्या का टीजर

टीजर की शुरुआत सनी देओल की आवाज से होती है। साथ ही आपको उनकी जिंदगी की झलक भी मिलती है। सनी देओल का किरदार कहता है, ‘एक इंसान डॉक्टर को भगवान मानता है, उसके हाथों में अपनी जिंदगी सौंप देता है। और अगर वो डॉक्टर विश्वासघात करेगा तो वो बेचारा क्या करेगा?’

इसके आगे उन्हें किसी कोर्टरूम जैसी जगह पर खड़े देखा जाता है। वो कहते हैं, ‘ये डॉक्टर प्रिस्क्रीप्शन नहीं लिखते, कमिशन लिखते हैं। और ये सबकुछ हम लोग बर्दाश्त कर रहे हैं।’ पिक्चर में आपको फैमिली मैन और पुलिसवाले बने सनी देओल की कहानी देखने को मिलेगी। ये फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित बताई जा रही है।

टीजर वीडियो जैसे-जैसे आगे बढ़ता है आप सनी देओल को डॉक्टर की पिटाई, मामले की जांच और गुस्सा करते देख सकते हैं। इसके बाद आपको पता चलता है कि आखिर वो ये सब क्यों कर रहे हैं। आप देखते हैं कि सनी देओल के किरदार की बेटी की मौत हो जाती है। ये सब डॉक्टरों की लापरवाही की वजह से हुआ है। ऐसे में वो किसी को भी छोड़ने वाले नहीं हैं।

कब आएगी सूर्या?

‘सूर्या’ के टीजर में सनी देओल अपने दमदार और गुस्सैल अवतार में नजर आ रहे हैं। उनके इसी रूप में ‘घायल’ और ‘घातक’ जैसी फिल्मों में देखा जा चुका है और पसंद भी किया गया। उसी 90s के चार्म को सनी एक बार फिर वापस लेकर आ रहे हैं। जाहिर है कि ‘सूर्या’ धुआंधार एक्शन के साथ-साथ इमोशनल फिल्म भी होगी।

पिक्चर के टीजर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सनी देओल ने लिखा, ‘उन्हें लगा सब खत्म हो गया। लेकिन सूर्या के लिए ये शुरुआत थी। आप सबके नाम आज सूर्या टीजर। देखिए। सोचिए। सतर्क रहिए, और अगर कुछ गलत हो तो लड़िए।’

डायरेक्टर एम पद्मकुमार और प्रोड्यूसर कमल मुकुट की बनाई ‘सूर्या’, 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस पिक्चर में सनी देओल के साथ प्रज्ञा जायसवाल, रवि किशन, टीनू आनंद संग अन्य कलाकार नजर आएंगे।