सेलेब्स की लोकप्रियता का अंदाजा उनकी फैन फॉलोइंग से लगाया जाता है, लेकिन कई बार फैंस की दीवानगी सारी हदें पार कर जाती है। अपने पसंदीदा अभिनेता या अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए लोग घंटों इंतजार करते हैं, उनके घर के बाहर भीड़ लगा देते हैं, महंगे तोहफे भेजते हैं और कभी-कभी ऐसे कदम उठा लेते हैं जो सुर्खियां बन जाते हैं। बॉलीवुड में कई ऐसे किस्से रहे हैं, जहां फैंस की मोहब्बत और दीवानगी ने सभी को हैरान कर दिया।

ऐसा ही कुछ हुआ था 40-50 के दशक की जानी मानी अभिनेत्री और गायिका के साथ। हम बात कर रहे हैं सुरैया की, जिनकी आज बर्थ एनिवर्सरी है। उनके एक फैन ने उनके लिए हद पार कर दी थी।

सुरैया का नाम केवल उनकी फिल्मों और सुरीली आवाज के लिए ही नहीं, बल्कि उनकी जबरदस्त लोकप्रियता के लिए भी याद किया जाता है। एक समय ऐसा था जब उनके चाहने वालों की दीवानगी किसी सुपरस्टार के फैन कल्चर से कम नहीं थी। उनके प्रशंसकों में एक ऐसा शख्स भी था जो उनसे शादी करने का सपना लेकर सीधे बारात के साथ उनके घर पहुंच गया था।

सुरैया के घर बारात लेकर पहुंच गया था फैन

1940 और 1950 के दशक में सुरैया की लोकप्रियता अपने चरम पर थी। उनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसक घंटों उनके घर के बाहर खड़े रहते थे। मीडिया रिपोर्ट्स और कई पुराने किस्सों के मुताबिक, सुरैया का एक फैन उनसे इस कदर प्रभावित था कि उसने उन्हें अपनी जीवनसंगिनी बनाने का फैसला कर लिया।

यह भी पढ़ें: उर्मिला मातोंडकर के पूर्व पति मोहसिन ने किया निधा भट्ट से दूसरा निकाह, तस्वीरें शेयर करते हुए दिखाया चेहरा

कहा जाता है कि वह शख्स पूरी तैयारी के साथ बारात लेकर सुरैया के मुंबई स्थित घर पहुंच गया। उसे विश्वास था कि सुरैया उससे शादी के लिए राजी हो जाएंगी। हालांकि, यह सब देखकर सुरैया और उनके परिवार वाले हैरान रह गए। परिवार ने समझदारी से स्थिति को संभाला और उस व्यक्ति को वापस भेज दिया।

फैंस के दिलों पर राज करती थीं सुरैया

आज के दौर में सोशल मीडिया के जरिए स्टार्स के प्रति दीवानगी देखने को मिलती है, लेकिन सुरैया के समय में भी उनके प्रशंसकों का प्यार किसी जुनून से कम नहीं था। उनकी फिल्मों की रिलीज पर सिनेमाघरों के बाहर लंबी कतारें लग जाती थीं और उनके गाने लोगों की जुबान पर रहते थे।

यह भी पढ़ें: सलमान खान तक पहुंचने से पहले आमिर खान के बेटे को गार्ड ने रोका, दूसरी बार नहीं पहचान पाने का वीडियो हुआ वायरल

देव आनंद के साथ प्रेम कहानी भी थी मशहूर

सुरैया की जिंदगी का सबसे चर्चित अध्याय उनकी और देव आनंद की प्रेम कहानी रही। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और एक-दूसरे के करीब आए। कहा जाता है कि देव आनंद ने सुरैया को शादी के लिए प्रपोज भी किया था, लेकिन पारिवारिक विरोध के कारण दोनों का रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच सका। दोनों की लव स्टोरी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

आज भी याद की जाती हैं सुरैया

सुरैया ने बहुत कम उम्र में ही फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना ली थी। अभिनय और गायिकी दोनों क्षेत्रों में उन्होंने बड़ी सफलता हासिल की। भले ही उन्हें इस दुनिया से गए सालों बीत चुके हों, लेकिन उनके गीत, फिल्में और उनसे जुड़े दिलचस्प किस्से आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने रहते हैं।

सुरैया ने अपने करियर में 70 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया और 338 से अधिक गीतों को अपनी आवाज दी। अभिनय और गायिकी, दोनों क्षेत्रों में उनकी लोकप्रियता ने उन्हें ‘सिंगिंग स्टार’ के रूप में खास पहचान दिलाई।”