दिवंगत अभिनेता राजेश खन्ना के साथ अपने रिश्ते को शादी के रूप में मान्यता दिलाने की कोशिश कर रहीं पूर्व अभिनेत्री अनीता आडवाणी को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। एपेक्स कोर्ट ने गुरुवार को उनकी याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने इस मुकदमे को ‘लग्जरी लिटिगेशन’ यानी विलासिता से जुड़ा मुकदमा करार दिया।

जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने कहा कि अनीता आडवाणी की याचिका पर विचार करने का कोई आधार नहीं है। अनीता ने बॉम्बे हाई कोर्ट के 1 अप्रैल के आदेश को चुनौती दी थी।

सुनवाई के दौरान अनीता आडवाणी के वकील ने कहा कि वह सम्मान के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं। उन्होंने अदालत से कहा, “मैं सम्मान चाहती हूं। आखिरकार, अपने दीवानी मुकदमे में मेरी मांग इसी सम्मान की भावना पर आधारित है।”

दरअसल, अनीता आडवाणी ने राजेश खन्ना के निधन के बाद उनके साथ अपने कथित रिश्ते को शादी के रूप में मान्यता देने के लिए दीवानी मुकदमा दायर किया था। जुलाई 2012 में राजेश खन्ना के निधन के बाद उन्होंने यह कानूनी लड़ाई शुरू की थी। साल 2017 में मुंबई की डिंडोशी सेशन कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद अनीता ने इस फैसले को चुनौती दी, लेकिन बॉम्बे हाई कोर्ट ने भी उनकी अपील खारिज कर दी थी।

यह भी पढ़ें: CineGram: 13 की एक्ट्रेस, 30 के राजेश खन्ना, जब 9वीं क्लास की अनीता आडवाणी दे बैठी थीं दिल, बोलीं- ‘मुझे मिलने के लिए बुलाते थे…

राजेश खन्ना के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने का किया था दावा

अनीता आडवाणी ने दावा किया था कि वह कई साल तक राजेश खन्ना के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही थीं। उनके मुताबिक, 2012 में उन्हें मुंबई स्थित राजेश खन्ना के बंगले ‘आशीर्वाद’ से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने इसके लिए राजेश खन्ना की अलग रह रहीं पत्नी और अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया, उनकी बेटी ट्विंकल खन्ना और दामाद अक्षय कुमार को जिम्मेदार ठहराया था।

साल 2013 में अनीता ने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के तहत मजिस्ट्रेट की अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में उन्होंने डिंपल कपाड़िया, उनकी बेटियों और दामाद को पक्ष बनाया था। अनीता ने हर महीने गुजारा भत्ता देने के साथ मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा में तीन बेडरूम वाला फ्लैट देने की मांग भी की थी।

यह भी पढ़ें: ‘उन्होंने सिंदूर भरा’, राजेश खन्ना की प्रेमिका का दावा गुपचुप रचाई थी शादी, बोलीं- डिंपल कपाड़िया से पहले…

हाई कोर्ट ने क्यों खारिज की थी शिकायत?

साल 2015 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने अनीता आडवाणी की शिकायत से जुड़ी कार्यवाही रद्द कर दी थी। अदालत ने डिंपल कपाड़िया और उनके परिवार की याचिकाओं को स्वीकार करते हुए कहा था कि अनीता और राजेश खन्ना का रिश्ता शादी की प्रकृति का नहीं था। इसलिए वह घरेलू हिंसा कानून के तहत राहत पाने की हकदार नहीं थीं।

हाई कोर्ट ने यह भी कहा था कि राजेश खन्ना के परिवार के सभी सदस्यों को कानूनी कार्यवाही में शामिल नहीं किया जा सकता, क्योंकि अनीता उनके साथ कभी नहीं रही थीं। अनीता आडवाणी ने ‘साजिश’ और ‘दासी’ जैसी कुछ फिल्मों में काम किया है।