बढ़ती उम्र के बाद भी बॉलीवुड एक्टर्स की फिटनेस में कोई कमी नहीं आती है। इस बात के उदाहरण में सलमान खान, शाहरुख खान, सनी देओल समेत कई स्टार्स के नाम शामिल हैं। इनकी फिटनेस का राज जानने के लिए फैंस काफी एक्साइटेड भी रहते हैं। एक्टर सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म बंटवारा 1947 के लिए काफी चर्चाओं में हैं।
यह भी पढ़ें- नसीरुद्दीन शाह पर भड़कीं कंगना रनौत, ‘कुत्ते के मुंह में हड्डी’ वाले कमेंट पर दिया करारा जवाब
इसी बीच 68 साल की उम्र में एक्टर ने अपनी सेहत का राज बताते हुए एक हैरान कर देने वाली बात का खुलासा किया है। सनी का कहना है कि वो आज भी घी और समोसों के दीवाने हैं।
68 की उम्र में सनी की फिटनेस का राज
सवेरा स्टार टॉक्स के साथ बातचीत में एक्टर सनी देओल ने अपनी फिटनेस रूटीन के बारे में बात करते हुए बताया कि उन्हें सुबह जल्दी उठने और एक्सरसाइज करने की आदत है। वह रोज सूर्योदय से पहले करीब सुबह 5:30 बजे उठ जाते हैं। उनके मुताबिक, यह अब उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है।
सुबह उठने के बाद एक्टर वर्कआउट करते हैं, जिसमें कार्डियो और वेट ट्रेनिंग दोनों शामिल हैं। उनका मानना है कि सुबह एक्सरसाइज करने से दिनभर पॉजीटिव एनर्जी बनी रहती है।
देसी घी, परांठे और समोसे हैं कमजोरी
सनी देओल ने आगे बताया कि उनका मकसद कभी भी बॉडी को बहुत ज्यादा बल्की बनाना या किसी और की तरह दिखना नहीं रहा। वह सिर्फ एक से दो घंटे एक्सरसाइज करके फिट और हेल्दी महसूस करना पसंद करते हैं और इसी के साथ अपने दिन की शुरुआत करते हैं।
उन्होंने यह भी मजाकिया अंदाज में बताया कि उन्होंने डाइटिंग करने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार समोसे, देसी घी और परांठे से खुद को रोक नहीं पाए। सनी ने कहा कि जब वह अपने बच्चों को देखते हैं तो अक्सर उन्हें बताते हैं कि उनकी उम्र में वे भी खूब खाना खाते थे और खाने को लेकर कभी ज्यादा नहीं सोचा करते थे।
फिल्म बंटवारा 1947
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी फिल्म बंटवारा 1947 में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, करण देओल, शबाना आजमी, अली फजल जैसे शानदार कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की कहानी 1947 के भारत पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म का नाम पहले लाहौर 1947 होने वाला था लेकिन बाद में इसका नाम बदल दिया गया।
आमिर खान प्रोडक्शन के बैनर तले बनी ये फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बता दें कि इस फिल्म से एक्ट्रेस प्रीति जिंटा भी करीब 8 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं।
