नेपाल में बाढ़ से हालात बेहद खराब हैं, इसी बीच गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि वह इस मुश्किल घड़ी में नेपाल के लोगों की मदद के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करना चाहती हैं।
सुनीता ने कहा है कि भले ही वो भारत में जन्मी हैं, लेकिन उनके परिवार का काठमांडू से गहरा जुड़ाव है। ये ही कारण है कि नेपाल हमेशा उनके दिल के बेहद करीब रहा है।
बॉम्बे टाइम्स के साथ बातचीत में सुनीता ने नेपाल में हुई तबाही पर दुख जताया और कहा कि वह राहत कार्यों में योगदान देने के लिए एक भरोसेमंद माध्यम तलाश रही हैं।
यह भी पढ़ें: ‘अपनी तरफ से कोशिश कर रहे हैं’, नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद, नुवाकोट पहुंचकर लिया जायजा
सुनीता आहूजा का नेपाल से खास रिश्ता है। उनकी मां और दादी दोनों काठमांडू से हैं। सुनीता आज भी अक्सर नेपाल जाती हैं। वह हर साल नए साल पर अपनी बेटी टीना के साथ नेपाल जाती हैं। 1 जनवरी को पशुपतिनाथ मंदिर जाना उनके लिए खास परंपरा है।
सुनीता ने कहा, “नेपाल में इतनी भयानक बाढ़ देखकर मेरा दिल टूट गया है। मेरा जन्म नेपाल में नहीं हुआ, लेकिन मेरी मां और दादी काठमांडू से हैं। मैं हर साल अपनी बेटी के साथ नए साल पर नेपाल जाती हूं। 1 जनवरी को हम पशुपतिनाथ मंदिर जरूर जाते हैं और भगवान का आशीर्वाद लेकर नए साल की शुरुआत करते हैं।”
सुनीता ने कहा है कि नेपाल की मौजूदा स्थिति से वो काफी दुखी हैं, और योगदान देने के लिए एक भरोसेमंद व्यक्ति या संस्था से संपर्क करने की कोशिश कर रही हैं, ताकि उनकी मदद सही जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा, “मैं ऐसे किसी व्यक्ति से जुड़ने की कोशिश कर रही हूं, जो यह सुनिश्चित कर सके कि मेरा दान सही लोगों तक पहुंचे। मैं जितना हो सके, उतना दान करना चाहती हूं, क्योंकि नेपाल मेरे बहुत करीब है और यह मेरी मातृभूमि है। मैं इंडस्ट्री के सभी लोगों से अपील करती हूं कि वे आगे आएं और नेपाल के लोगों की मदद के लिए योगदान दें।”
यह भी पढ़ें: ‘हनुमान अंश 2’ हुई कंफर्म, डायरेक्टर ने दिया हिंट- इस बार क्या होगी नीब करौरी बाबा की कहानी
सुनीता ने आगे कहा कि अभिनेत्री मनीषा कोइराला उनकी बहन जैसी हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि वह भी नेपाल के लोगों की मदद के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही होंगी।
उन्होंने कहा, “मनीषा कोइराला मेरी बहन जैसी हैं और मुझे यकीन है कि वह वहां के लोगों के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही होंगी। मैं पशुपतिनाथ बाबा से प्रार्थना करती हूं कि सब कुछ जल्द सामान्य हो जाए और नेपाल को फिर कभी ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े। नेपाल मेरे दिल में बसता है।”
बता दें कि सुनीता आहूजा लंबे समय से अपने और गोविंदा के रिश्ते को लेकर बयानबाजी के लिए चर्चा में हैं। इसके अलावा हाल ही में वह नेटफ्लिक्स के शो ‘लॉकअप’ के दूसरे सीजन में नजर आई थीं।
