एकता कपूर का शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर शुरू हो गया है। इस शो को फराह खान और रितेश देशमुख होस्ट कर रहे हैं। वहीं, गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा भी इस नए सीजन में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रही हैं। इस शो में जाने से पहले सुनीता ने ‘स्क्रीन’ के साथ एक खास बातचीत में बताया कि इस फैसले पर गोविंदा का क्या रिएक्शन था।
सुनीता आहूजा ने क्यों चुना ‘लॉक अप 2’
‘लॉक अप: सच या सजा’ में हिस्सा लेने के फैसले के बारे में बात करते हुए सुनीता ने कहा, “मैंने ‘लॉक अप’ करने का फैसला इसलिए किया, क्योंकि एकता मुझे बहुत पसंद करती हैं और मैं भी उन्हें पसंद करती हूं। वह मेरे बेटे यश के साथ एक मूवी कर रही हैं और मुझे और यश को एक साथ लॉन्च कर रही हैं।
मैं पहली बार यश की मां का रोल निभा रही हूं। मुझे कई रियलिटी शो- ‘राइज एंड फॉल’, ‘द 50’, ‘ट्रेटर्स’, ‘अलायंस’ के ऑफर मिले थे, लेकिन मैंने ‘लॉक अप’ चुना। मुझे किसी दूसरे शो से कोई शिकायत नहीं है। मुझे लगा कि अगर मैं ‘लॉक अप’ करती हूं, तो मेरा अच्छे से ध्यान रखा जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे इस बात से डर नहीं लगता कि लोग मुझे 24/7 देख रहे हैं। मैं जैसी हूं, वैसी ही रहूंगी। मैं दुनिया में किसी के लिए भी खुद को नहीं बदलूंगी। इस शो से लोगों को पता चलेगा कि सुनीता आहूजा कौन हैं। मैं मानसिक और शारीरिक रूप से बहुत फिट हूं। मुझे पता है कि हर स्थिति को कैसे संभालना है। मुझे टास्क से डर नहीं लगता, मैं झूठ नहीं बोलती, इसलिए मैं अच्छा करूंगी। लेकिन यह किस्मत पर भी निर्भर करता है।”
सुनीता ने बताया गोविंदा का रिएक्शन
जब सुनीता से पूछा गया कि क्या गोविंदा को इस बात की जानकारी थी और शो में उनके हिस्सा लेने पर उनका क्या रिएक्शन था, तो सुनीता ने कहा, “गोविंदा बहुत परेशान थे। उन्होंने कहा कि मैंने अपनी पत्नी को फूल की तरह पाला है, अगर अंदर किसी ने उसे दुख दिया तो वह रोने लगेगी।”
उन्हें इस बात की बहुत चिंता थी कि कोई उनकी पत्नी के साथ बुरा बर्ताव न करे। गोविंदा को चिंता रहती है कि कोई मुझे दुख न पहुंचाए या रुलाए न। उन्हें इस बात की भी बहुत चिंता थी कि मैं यह शो क्यों कर रही हूं। लेकिन उन्हें नहीं पता कि उनकी पत्नी बहुत मजबूत है, वह सब कुछ सह सकती है और सबसे लड़ सकती है।”
उनके बारे में फैली अफवाहों को देखते हुए सुनीता ने यह भी कहा कि वह अपनी पर्सनल लाइफ पर किसी की भी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेंगी। सुनीता ने कहा, “यह कोई फैमिली शो नहीं है, इसलिए मैं किसी को भी अपने परिवार के बारे में बात करते हुए बर्दाश्त नहीं करूंगी। गोविंदा बहुत सीनियर हैं, इसलिए कोई भी उन पर उंगली नहीं उठा सकता। मैं उनकी पत्नी हूं, मैं जो चाहूं कह सकती हूं। लेकिन कोई तीसरा व्यक्ति उनके बारे में बात नहीं कर सकता।”
यह भी पढ़ें: ‘मौत से एक दिन पहले साथ किया था डिनर’, के. भाग्यराज के निधन से टूटीं तृषा कृष्णन ने जताया दुख
